पंजाब में पूर्व केंद्रीय मंत्री के घर से हजारों के नल उखाड़ ले गए चोर
होशियारपुर में पूर्व केंद्रीय मंत्री संतोष चौधरी के घर चोरी और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। चोरों ने बाथरूम से नल, जेट और अन्य फिटिंग चुरा लीं। चौधरी ने कहा कि जब एक पूर्व मंत्री का घर सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता की सुरक्षा का क्या होगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

होशियारपुर (पंजाब), एजेंसी। पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री संतोष चौधरी के घर चोरी और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। चोर घर के तीन बाथरूमों से नल, जेट और अन्य फिटिंग उड़ा ले गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गुरुवार को पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना पिपलनवाला इलाके में स्थित चौधरी के आवास पर हुई। चौधरी ने बताया कि वह बुधवार को जालंधर गई थीं और देर शाम लौटीं। घर पहुंचने पर देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। स्टाफ के बाथरूम और ऊपरी मंजिल पर बने दो बाथरूमों में तोड़फोड़ की गई थी।
वहां लगे नल, जेट और अन्य फिटिंग चोरी कर लिए गए थे। बताया कि करीब 50-60 हजार का सामान चोरी हुआ है।कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए चौधरी ने कहा कि जब एक पूर्व मंत्री का आवास ही सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता की सुरक्षा कैसे होती होगी। कहा कि वह घर पर अकेली रहती हैं, जबकि उनकी सुरक्षा पहले ही हटाई जा चुकी है। पुलिस उपाधीक्षक (शहर) कुलभूषण शर्मा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


