गीता कॉलोनी में शादी से लौट रहे परिवार के गहने उड़ाए
गीता कॉलोनी में महिला गैंग के बदमाशों ने शादी से लौट रहे परिवार के गहने, नकदी और कपड़े उड़ा लिए। महिलाओं के साथ ऑटो वाला भी शामिल...

नई दिल्ली, का.सं.। गीता कॉलोनी में महिला गैंग के बदमाशों ने शादी से लौट रहे परिवार के गहने, नकदी और कपड़े उड़ा लिए। महिलाओं के साथ ऑटो वाला भी शामिल था। पीड़ित परिवार पंजाब से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद ग्रेटर नोएडा जाने के लिए निकला था। इसी बीच गीता कॉलोनी में आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
पीड़ित 25 वर्षीय शनि कुमार मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के रहने वाले हैं। वह ग्रेटर नोएडा में किराए पर रहते हैं। वह पत्नी मीनू और भांजे अरुण के साथ पंजाब में रिश्तेदार के यहां शादी में शामिल होने गए थे। बुधवार को वह पंजाब से वापस दिल्ली नई रेलवे स्टेशन पर उतरे। इसके बाद स्टेशन से बाहर निकलने के बाद ग्रेटर नोएडा जाने के लिए ऑटो बुक किया। ऑटो में पहले से दो महिलाएं बैठी हुई थीं। ऑटो चालक ने उन तीनों लोगों को ऑटो में बैठा लिया। उनका सामान भी पीछे रखा हुआ था। गीता कॉलोन में रानी गार्डन कट पर पहुंचने के बाद चालक ने उन्हें उतार दिया और कहा कि इन दोनों महिलाओं को अंदर छोड़कर आता हूं। तीनों वहीं उतर गए और चालक उन दोनों महिलाओं को लेकर चला गया। काफी देर तक वह नहीं आया तो उन्हें शक हुआ और उन्होंने अपना बैग चेक किया, जिसमें से आभूषण, नकदी और कुछ कपड़े गायब थे। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।