मैट्रिमोनियल साइट पर एनआरआई दूल्हे ने महिला से ठगे छह लाख
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मुंब्रा इलाके में एक 29 वर्षीय महिला से मैट्रिमोनियल साइट पर खुद को यूके निवासी बताने वाले व्यक्ति ने 6.75 लाख रुपये की ठगी की। आरोपी ने कस्टम अधिकारियों द्वारा सोने के आभूषण और विदेशी मुद्रा जब्त करने का बहाना बनाकर महिला से पैसे मांगे, जिसके बाद महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

ठाणे, एजेंसी। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मुंब्रा इलाके में एक 29 वर्षीय महिला से मैट्रिमोनियल (वैवाहिक) साइट पर खुद को यूके निवासी बताने वाले व्यक्ति ने 6.75 लाख रुपये की ठगी कर ली। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, पीड़िता की शिकायत पर 26 मार्च को मुंब्रा थाने में आरोपी अदनान अहमद और एक अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जांच में सामने आया है कि यह ठगी 27 जनवरी से 13 मार्च के बीच हुई। आरोपी ने मैट्रिमोनियल साइट पर खुद को यूके में रहने वाला एनआरआई बताया था। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और शादी की बात भी होने लगी।
27 जनवरी को आरोपी ने महिला को फोन कर बताया कि वह भारत आ रहा है, लेकिन दिल्ली एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों ने उसके सोने के आभूषण और विदेशी मुद्रा जब्त कर ली है। उसने इन्हें छुड़ाने के लिए जुर्माना और क्लीयरेंस फीस के नाम पर तुरंत पैसे मांगे। विश्वास में आकर महिला ने आरोपी द्वारा बताए गए अलग-अलग बैंक खातों में कुल 6.75 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद जब आरोपी ने फोन और संदेशों का जवाब देना बंद कर दिया, तब महिला को ठगी का अहसास हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


