ठाणे में व्यापारी से 50 लाख की ठगी
महाराष्ट्र के ठाणे में दो व्यक्तियों ने एक व्यापारी से 50 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने रियायती दरों पर खाद्य तेल दिलाने का झांसा दिया। व्यापारी ने कई किस्तों में आरोपियों को पैसे दिए, लेकिन तेल की खेप कभी नहीं आई। जब व्यापारी ने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी संपर्क तोड़ दिए। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

ठाणे, एजेंसी। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में दो व्यक्तियों ने एक व्यापारी से 50 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने नामी ब्रांड का खाद्य तेल रियायती दरों पर दिलाने का झांसा दिया था। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अंबरनाथ निवासी पीड़ित व्यापारी ने 31 दिसंबर को धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़ित के अनुसार, यह धोखाधड़ी अगस्त 2020 से मई 2021 के बीच हुई। मामले में आरोपियों की पहचान पुणे निवासी मुकेश पांडे और पल्लवी राउत के रूप में हुई है। अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने व्यापारी से संपर्क कर बाजार भाव से कम कीमत पर तेल आपूर्ति का प्रस्ताव दिया था।
आरोपियों ने व्यापारी को तेल के पुनर्विक्रय पर भारी मुनाफे का भी आश्वासन दिया था। पुलिस ने बताया कि उनके झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने कई किस्तों में आरोपियों को कुल 50 लाख रुपये हस्तांतरित कर दिए। पुलिस के मुताबिक, रकम मिलने के बावजूद तेल की खेप कभी नहीं भेजी गई। जब व्यापारी ने आपूर्ति के लिए तकादा किया या पैसे वापस मांगे, तो आरोपी टालमटोल करने लगे और बाद में संपर्क तोड़ दिया। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, पुलिस ने इस बात का स्पष्टीकरण नहीं दिया कि पीड़ित ने इतने वर्षों बाद शिकायत क्यों दर्ज कराई। पुलिस ने बताया कि पांडे और राउत का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


