जीएसटी क्रेडिट धोखाधड़ी में एक व्यक्ति गिरफ्तार
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में 47.32 करोड़ रुपये की जीएसटी क्रेडिट धोखाधड़ी में विवेक राजेश मौर्य को गिरफ्तार किया गया है। मौर्य ने बिना किसी वास्तविक माल या सेवाओं के आईटीसी का धोखाधड़ी से दावा किया।...

ठाणे, एजेंसी। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में 47.32 करोड़ रुपये की जीएसटी क्रेडिट धोखाधड़ी में कथित भूमिका के लिए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। जीएसटी आयुक्त ने गुरुवार को यह जानकारी दी। बयान के अनुसार, आंतरिक तौर पर प्राप्त खुफिया जानकारी और उन्नत डेटा विश्लेषण उपकरणों के जरिये धोखाधड़ी का पता चला। इसमें खुलासा हुआ कि विवेक राजेश मौर्य द्वारा संचालित मेसर्स केएसएम एंटरप्राइजेज ने बिना किसी वास्तविक माल या सेवाओं की आपूर्ति के धोखाधड़ी से आईटीसी का दावा कर उसे पारित करवा लिया। जीएसटी प्रणाली के तहत, इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) एक ऐसा प्रावधान है जो व्यवसायों को उनके खरीदे गए सामानों और सेवाओं पर दिए गए टैक्स को उनके बेचे गए माल या सेवाओं पर वसूले गए टैक्स के खिलाफ समायोजित करने की सुविधा देता है।
इससे दोहरी कराधान की स्थिति से बचा जा सकता है। राजेश मौर्य के आवास पर तलाशी के दौरान बैंक पासबुक, चेकबुक, मोबाइल फोन और कई फर्जी कंपनियों से जुड़े दस्तावेज जैसे अभियोजन योग्य साक्ष्य बरामद हुए। मौर्य को 19 अगस्त को गिरफ्तार किया गया। न्यायिक मजिस्ट्रेट ने उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। अधिकारियों ने कहा कि मामले की जांच में और भी नाम सामने आ सकते हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




