खेल : सात्विक-चिराग की जोड़ी ने किया विजयी आगाज
थाईलैंड ओपन सात्विक-चिराग की जोड़ी ने किया विजयी आगाज बैंकॉक, एजेंसी। सात्विकसाईराज रांकीरेड्डी

थाईलैंड ओपन सात्विक-चिराग की जोड़ी ने किया विजयी आगाज
बैंकॉक, एजेंसी। सात्विकसाईराज रांकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी ने थाईलैंड ओपन सुपर 500 टूर्नामेंट में विजयी आगाज किया। उन्होंने पुरुष युगल के पहले दौर के मुकाबले में मंगलवार को इंडोनेशिया के मोह पुत्रा एरवियांस्याह और बागास मौलाना की जोड़ी को शिकस्त दे दी।
तीन गेम में जीते
2024 की चैंपियन और विश्व रैंकिंग में चौथे पायदान पर काबिज भारतीय जोड़ी ने 64 मिनट चला रोमांचक मुकाबला 21-19, 21-23, 21-10 से जीतकर अगले दौर में जगह बनाई। भारतीय जोड़ी का सामना अब अगले दौर में मलेशिया के ब्रायन जेरेमी गूंटिंग और मोहम्मद हैकाल से होगा।
पिछड़ने के बाद वापसी
भारतीय जोड़ी शुरुआती गेम में एक समय 11-16 से पीछे थी। फिर उन्होंने लगातार सात अंक जीतकर वापसी की। इंडोनेशियाई खिलाड़ियों ने वापसी करते हुए स्कोर 18-18 कर दिया, लेकिन सात्विक-चिराग ने दबाव में बेहतरीन खेल दिखाते हुए पहला गेम जीत लिया।
दूसरे गेम में लंबी रैलियां देखने को मिलीं और ब्रेक तक भारतीय खिलाड़ियों ने मामूली बढ़त बना ली थी। ब्रेक के बाद इंडोनेशियाई जोड़ी ने आक्रामक खेल दिखाते हुए 17-14 की बढ़त हासिल कर ली। फिर सात्विक और चिराग के दमदार जवाब बावजूद वे हार गए, जिससे मुकाबला निर्णायक गेम तक पहुंच गया। सात्विक-चिराग तीसरे गेम में ब्रेक तक 11-5 से आगे हो गए। फिर भारतीय जोड़ी ने आसानी से यह गेम जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
अन्य मुकाबले
इससे पहले पुरुष एकल क्वालीफिकेशन मुकाबले में मलेशिया के ओलंपिक कांस्य पदक विजेता ली जी जिया ने भारत के मानव चौधरी को 21-19, 21-18 से पराजित किया। ली हाल ही में टखने और पीठ की चोट से उबरकर कोर्ट पर लौटे हैं। मिश्रित युगल क्वालीफिकेशन में भारत के एम जगलान और एल जगलान की जोड़ी को चीनी ताइपे के त्साई फू चेंग और सुंग यू ह्सुआन के खिलाफ 11-21, 18-21 से हार का सामना करना पड़ा। महिला एकल क्वालीफिकेशन में थाईलैंड की वाई केटकलिएंग ने भारत की ए शाहापुरकर को 21-5, 21-7 से शिकस्त दी।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


