
अगले तीन दिनों में पारा गिरने के आसार
नई दिल्ली में अगले तीन दिनों में तापमान में गिरावट का अनुमान है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते न्यूनतम तापमान 1-2 डिग्री सेल्सियस कम हो सकता है। मौसम विभाग ने धुंध और बादल के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। राजधानी में एक बार फिर तापमान गिरने के आसार हैं। अगले तीन दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कमी दर्ज की जा सकती है। शनिवार से पश्चिमी विक्षोभ के कारण न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस गिरावट आने की संभावना है। अगले 24 घंटों के दौरान आसमान साफ रहेगा और इसके बाद के तीन दिनों तक आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। गुरुवार को न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है और अधिकतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है। दिल्ली के कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहा।
वहीं, अधिकतम तापमान सामान्य रहा। पिछले 24 घंटों में दिल्ली में 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिमी हवाएं चली। मौसम विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार और शनिवार को धुंध छाए रहने का पूर्वानुमान लगाया है। दिल्ली में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम के औसत से एक डिग्री कम है। अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार सुबह आंशिक रूप से बादल छाए रहने तथा हल्की धुंध की संभावना व्यक्त की गई है। अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




