यूनुस ने कट्टरपंथियों से हाथ मिलाया : तसलीमा नसरीन

Jan 09, 2026 04:25 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

तसलीमा नसरीन ने बांग्लादेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसमें मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस का कट्टरपंथियों से गठजोड़ होना शामिल है। उन्होंने कहा कि यूनुस धर्मनिरपेक्षता के लिए खतरा हैं और कट्टरपंथियों के खिलाफ कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। उन्होंने बांग्लादेश की वर्तमान स्थिति को भी चिंताजनक बताया।

यूनुस ने कट्टरपंथियों से हाथ मिलाया : तसलीमा नसरीन

तिरुवनंतपुरम, एजेंसी। बांग्लादेशी-स्वीडिश लेखिका तसलीमा नसरीन ने शुक्रवार को बांग्लादेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि देश के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने धार्मिक कट्टरपंथियों से गठजोड़ कर लिया है और विभाजनकारी ताकतों को मजबूत किया है। केरल विधानसभा अंतरराष्ट्रीय पुस्तक महोत्सव (केएलआईबीएफ) में ‘बुक फॉर पीस’ विषय पर बोलते हुए नसरीन ने कहा, नोबेल शांति पुरस्कार विजेता यूनुस ऐसे एजेंडे को बढ़ावा दे रहे हैं, जो बांग्लादेश की धर्मनिरपेक्षता और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए खतरा हैं। उन्होंने कहा, जब कट्टरपंथियों ने मेरी किताबों को लेकर मुझे जान से मारने की धमकी दी और मेरे खिलाफ फतवे जारी किए, तब तत्कालीन बांग्लादेश सरकार ने उनके (कट्टरपंथियों) खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।

इसके बजाय, सरकार ने मेरे ही खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया। नसरीन ने कहा, अगर उस समय सरकार ने कट्टरपंथियों और जिहादियों के खिलाफ कार्रवाई की होती, तो आज बांग्लादेश की हालत इतनी खराब नहीं होती। सरकार ने अपने राजनीतिक हितों और लंबे समय तक सत्ता में बने रहने के लिए धर्म का इस्तेमाल किया। यह भी आरोप लगाया कि बांग्लादेश सरकार ने धर्मनिरपेक्ष शिक्षण संस्थानों और विज्ञान अकादमियों के बजाय धार्मिक स्कूलों का निर्माण किया, ताकि कट्टरपंथी ताकतों का समर्थन हासिल कर सत्ता में लंबे समय तक बनी रह सके। पाक के खिलाफ संघर्ष कर हासिल की थी धर्मनिरपेक्षता देश में मौजूदा हालात के लिए अंतरिम सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए नसरीन ने कहा, कट्टरपंथी ताकतें इस समय सत्ता में हैं और यूनुस उनका समर्थन कर रहे हैं। ऐसे में यह समझना मुश्किल है कि 1971 में पाकिस्तान के खिलाफ संघर्ष कर हासिल की गई इस धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र की पहचान को हम कैसे वापस पा सकेंगे। उन्होंने कहा कि देश आज गहरे विभाजन का शिकार है और कट्टरपंथी अल्पसंख्यक समुदायों की हत्या कर रहे हैं और उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।