बांग्लादेश: तारिक रहमान कल लेंगे प्रधानमंत्री पद की शपथ
तारिक रहमान सोमवार को बांग्लादेश के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में दक्षिण एशियाई देशों के नेताओं को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम जातीय संसद भवन के साउथ प्लाजा में होगा। रहमान ने कहा कि वे भारत के साथ रिश्तों में बांग्लादेश के हितों की रक्षा करेंगे।

ढाका, एजेंसी। तारिक रहमान सोमवार को बांग्लादेश के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। सूत्रों के अनुसार शपथ ग्रहण समारोह में दक्षिण एशियाई देशों के नेताओं को आमंत्रित किया गया है। कई देशों को निमंत्रण भेजे जा चुके हैं। हालांकि संबंधित देशों में सप्ताहांत अवकाश होने के कारण नेताओं की उपस्थिति की अंतिम पुष्टि रविवार तक होने की संभावना है। आमतौर पर प्रधानमंत्री और मंत्रिमंडल के सदस्य बंगभवन के दरबार हॉल में शपथ लेते हैं, लेकिन इस बार समारोह का आयोजन जातीय संसद भवन के साउथ प्लाजा में किया जाएगा। सरकारी सूत्रों के मुताबिक बड़ी संख्या में मेहमानों को आमंत्रित किए जाने के कारण दरबार हॉल की क्षमता पर्याप्त नहीं थी।
इसलिए कार्यक्रम को संसद भवन परिसर के साउथ प्लाजा में आयोजित करने का निर्णय लिया गया। बताया गया है कि दक्षिण एशियाई देशों के प्रधानमंत्रियों को विशेष निमंत्रण भेजा गया है। यदि किसी कारणवश कोई प्रधानमंत्री उपस्थित नहीं हो पाते हैं, तो संबंधित देश का विदेश मंत्री या अन्य वरिष्ठ प्रतिनिधि समारोह में भाग लेगा। उधर, रहमान ने भारत संग रिश्ते पर कहा कि बांग्लादेश के हित में काम करेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी चीन, भारत और पाकिस्तान के साथ संबंधों में देश के हितों की रक्षा करने वाली विदेश नीति अपनाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




