
‘राहुल गांधी जो कर रहे हैं, उसे भगवान ही जानते हैं’
नागपुर में जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य महाराज ने कांग्रेस नेता नाना पटोले के बयान पर प्रतिक्रिया दी है, जिसमें पटोले ने राहुल गांधी की तुलना प्रभु राम से की थी। स्वामी ने इसे चाटुकारिता बताते हुए कहा कि ऐसी तुलना नहीं हो सकती। उन्होंने बांग्लादेश के मुद्दे पर भी सरकार को आक्रामक रुख अपनाने की सलाह दी।
नागपुर, एजेंसी। जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य महाराज ने कांग्रेस नेता नाना पटोले के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी है, जिसमें उन्होंने कहा था कि राहुल गांधी वही काम कर रहे हैं, जो प्रभु राम ने किया था। इस पर रामभद्राचार्य ने कहा है कि यह सिर्फ चाटुकारिता है। वे कभी भगवान राम को समझ ही नहीं पाए। गुरुवार को नागपुर पहुंचे स्वामी रामभद्राचार्य महाराज ने मीडिया से बातचीत में कहा कि श्रीराम और राहुल गांधी के बीच तुलना कैसे हो सकती है? कहा कि क्या किसी जुगनू और सूर्य से तुलना की जा सकती है? उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जो भी कर रहे हैं, उसे भगवान ही जानते हैं।
बांग्लादेश के मसले पर स्वामी रामभद्राचार्य महाराज ने कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। वहां के लोगों और सरकार को समझना चाहिए कि हिंदुओं के समर्थन से ही बांग्लादेश बना था। कहा कि इस मामले में सरकार को आक्रामक रुख अपनाना चाहिए। आईपीएल में शाहरुख खान की टीम में बांग्लादेशी खिलाड़ियों को रखने पर उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया दी और कहा कि उनका रुख देशहित में नहीं रहा है। वहीं, बंगाल में ममता बनर्जी द्वारा मंदिर निर्माण को उन्होंने चुनावी स्टंट बताते हुए कहा कि भगवान उन्हें सद्बुद्धि दें। राम मंदिर के दो साल पूरे होने पर उन्होंने कहा कि जिस पेड़ को माली लगाता है, वह पेड़ जब बड़ा हो जाता है तो माली को खुशी होती ही है। मुझे भी राम मंदिर को लेकर खुशी है। इसके साथ ही विपक्ष के नेताओं के राम मंदिर नहीं जाने पर उन्होंने उन नेताओं का दुर्भाग्य बताते हुए कहा कि इन नेताओं का दुर्भाग्य है कि ये लोग नहीं गए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




