मणिपुर में संदिग्ध उग्रवादियों ने वाहनों पर बरसाईं गोलियां, एक मरा
मणिपुर के उखरुल जिले में संदिग्ध उग्रवादियों ने एक काफिले पर गोलीबारी की, जिसमें एक ट्रक चालक की मौत हो गई। सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई के बाद उग्रवादी भाग गए। इससे पहले, शांगकाई गांव में प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम किया था, जिसे सुरक्षाबलों ने आंसू गैस से तितर-बितर किया।

इंफाल, एजेंसी। मणिपुर के उखरुल जिले में शुक्रवार को सड़क पर गुजर रहे वाहनों के एक काफिले पर संदिग्ध उग्रवादियों ने गोलियां बरसा दीं। गोलीबारी में एक ट्रक चालक की मौत हो गई। सुरक्षाबलों की जवाबी फायरिंग के बाद संदिग्ध उग्रवादी भाग निकले। अधिकारियों ने बताया कि बीएसएफ, सीआरपीएफ और पुलिस की संयुक्त टीम 15-20 ट्रकों के एक काफिले को उखरुल जिले की ओर एस्कॉर्ट कर रही थी। इस दौरान टीएम कोसाम गांव के पास घात लगाए संदिग्ध उग्रवादियों ने वाहनों पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। जवाब में सुरक्षाबलों ने भी फायरिंग की। इस दौरान एक ट्रक चालक की गोली लगने से जान चली गई, उसकी शिनाख्त नहीं की जा सकी है।
कुछ देर तक दोनों ओर से गोलीबारी के बाद संदिग्ध भाग निकले।इससे पहले, सुबह यहां से करीब छह किलोमीटर दूर शांगकाई गांव में प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर जाम लगा दिया था। सुरक्षाबलों ने आंसू गैस के कई गोले दागकर उन्हें तितर-बितर किया था। बता दें कि टीएम कासोम गांव के पास 18 अप्रैल को भी वाहनों पर इसी तरह घात लगाकर किए गए एक हमले में सेना से रिटायर जवान समेत दो की जान चली गई थी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


