खेल...हार्दिक की वापसी से विकल्प मिले : सूर्यकुमार
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने हार्दिक पांड्या की वापसी को टी-20 टीम की मजबूती और लचीलापन बताया। उन्होंने कहा कि हार्दिक की गेंदबाजी से टीम को संयोजन आजमाने की आजादी मिलती है। हार्दिक ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अच्छा प्रदर्शन किया है और अब पूरी लय में हैं।

कटक, एजेंसी। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने माना कि हरफनमौला हार्दिक पांड्या की वापसी टी-20 टीम को वही मजबूती और लचीलापन दे रही है। इसने एशिया कप में भी भारत की सफलता की नींव रखी थी। टी-20 मुकाबले से पहले सूर्यकुमार ने साफ कहा कि हार्दिक के शुरुआती ओवर डालने की क्षमता टीम को कई संयोजन आजमाने की आजादी देती है, खासकर तब जब भारत तीन या चार स्पिनरों के साथ उतरना चाहे। एशिया कप फाइनल में अंगूठे की चोट के कारण बाहर हुए हार्दिक ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में दमदार वापसी की और अब पूरी लय में दिख रहे हैं।
कप्तान के मुताबिक, उनके अनुभव और बड़े मैचों में प्रदर्शन का स्तर टीम के संतुलन को नई दिशा देता है। हार्दिक कटक एक दिन पहले पहुंचकर अकेले अभ्यास भी कर चुके हैं। सूर्यकुमार ने पुष्टि की कि वह और गर्दन की ऐंठन से उबर रहे शुभमन गिल—दोनों चयन के लिए तैयार हैं। संजू सैमसन और जितेश शर्मा पर सवाल पूछे जाने पर कप्तान ने कहा कि शीर्ष क्रम तय है और बाकी खिलाड़ियों को किसी भी भूमिका के लिए तैयार रहना होगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शिवम दुबे और हार्दिक जैसे ऑलराउंडरों की तुलना रिंकू जैसे विशुद्ध बल्लेबाजों से नहीं की जा सकती। सूर्यकुमार के अनुसार तीसरे से सातवें नंबर तक सभी बल्लेबाज किसी भी स्थिति में उतरने को तैयार हैं। यही टीम इंडिया की सबसे बड़ी ताकत भी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


