खेल : जरूरत पड़ी तो दो स्पिनर उतरेंगे : सूर्यकुमार
विश्व कप लाइव मुंबई, एजेंसी। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने शुक्रवार को कहा

विश्व कप लाइव मुंबई, एजेंसी। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने शुक्रवार को कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो भारत दो स्पिनरों को खिलाने से संकोच नहीं करेगा। उन्होंने साथ ही चक्रवर्ती और कुलदीप को लेकर चयन की उलझन को 'बहुत अच्छा सिरदर्द' बताया। उन्होंने कहा, यह एक अतिरिक्त फायदा है कि आपके पास इतने अच्छे गेंदबाज उपलब्ध हैं। लेकिन साथ ही आपको टीम संयोजन भी देखना होता है कि किस प्रतिद्वंद्वी टीम के खिलाफ किसे खिलाया जाए। अगर जरूरत होगी कि हम दो स्पिनर या दो कलाई के स्पिनर को खिला सकते हैं तो हम निश्चित रूप से ऐसा करेंगे। लेकिन चक्रवर्ती और कुलदीप जैसे विकल्प होना हमेशा अच्छा होता है।
ये दुनिया के बेहतरीन स्पिनरों में से हैं और यह एक बहुत अच्छा सिरदर्द है। सूर्यकुमार ने यह भी कहा कि टीम के पास दाएं हाथ के बल्लेबाजों की तुलना में बाएं हाथ के बल्लेबाज ज्यादा होना भी एक अच्छी परेशानी है। ईशान के अभिषेक के साथ पारी की शुरुआत करने की उम्मीद है। जब उनसे पूछा गया कि क्या यह टीम प्रबंधन के लिए चिंता का विषय है तो सूर्यकुमार ने जवाब दिया, क्या आप चौके-छक्के लगते हुए देखना पसंद नहीं करते? मुझे लगता है कि यह एक अच्छी परेशानी है। इस पर जरूरत से ज्यादा बातचीत की जा रही है। इस स्तर पर जब आप बाएं हाथ के स्पिनरों या ऑफ स्पिनरों के खिलाफ काफी क्रिकेट खेल चुके हैं, आप इतना क्रिकेट खेल चुके हैं और इतना अभ्यास कर चुके हैं। ईशान करेंगे पारी की शुरुआत : सूर्यकुमार ने माना कि मौजूदा फॉर्म को देखते हुए ईशान ही पारी की शुरुआत करेंगे। उन्होंने कहा, निश्चित तौर पर उन्होंने जिस तरह से पिछले पांच मैच में खेला है और ये अंतरराष्ट्रीय मैच थे तो उनका प्रदर्शन इतना ज्यादा नोटिस किया गया। उसने सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी में भी इसी तरह से बल्लेबाजी की थी और इसे यहां भी जारी रखा है। उसे तीसरे नंबर पर मौका मिला और फिर उसने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अभ्यास मैच में पारी का आगाज किया। मुझे उम्मीद है कि वह बल्लेबाजी क्रम में जिस भी स्थान पर खेले, इसी तरह से बल्लेबाजी करता रहे। वह तीसरे नंबर से नीचे बल्लेबाजी नहीं करेगा। लेकिन जो भी मौका मिले, उसे इसी तरह से बल्लेबाजी करनी चाहिए। ------------------ बाहरी आवाजों पर ध्यान नहीं देंगे : आगा कोलंबो। पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने कहा कि भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार से जुड़ी बाहरी आवाजों पर ध्यान नहीं देकर उनकी टीम ग्रुप चरण के सारे मैच जीतकर सुपर आठ में जगह बनाने की कोशिश करेगी। यह पूछने पर कि वह हालात से कैसे निपटेंगे, सलमान ने कहा, उस पर ध्यान नहीं देकर। हम एक टीम के रूप में उस पर बात नहीं करते और टीम से बाहर हो रही चीजों को नहीं देखते। हम यही कर सकते हैं। हम इस पर ध्यान नहीं देकर अपने प्रदर्शन पर फोकस करेंगे। हम आहत महसूस नहीं करते लेकिन खेल के लिए यह अच्छा नहीं है। ऐसी चीजें नहीं होनी चाहिए। बचपन से मैंने यही देखा है कि लोग यही प्रयास करते हैं कि खेल को कैसे बेहतर बनाया जाए। हम कुछ हद तक रोलमॉडल हैं। अगर आप ऐसा करेंगे तो कल को बच्चे भी यही करेंगे। इसलिए मुझे लगता है कि ये चीजें नहीं होनी चाहिए। रोलमॉडल यह सब नहीं करते हैं। --------------- हम भी विश्व कप खेलने के हकदार: वाट कोलकाता। स्कॉटलैंड के स्पिन गेंदबाज मार्क वाट ने कहा कि वह बांग्लादेश खिलाड़ियों के लिए सहानुभूति रखते हैं लेकिन आखिरी समय में टूर्नामेंट में शामिल की गई स्कॉटलैंड टीम अपनी जगह की पूरी हकदार थी। बाएं हाथ के गेंदबाज ने कहा, हमें बांग्लादेश के खिलाड़ियों के लिए बहुत दुख है लेकिन हमें पूरा विश्वास है कि हमें यहां होना चाहिए। हमें लगता है कि हम अपने से ऊंची रैंक वाली टीमों को भी हरा सकते हैं। इस टूर्नामेंट में हमारे शामिल होने को लेकर कोई संदेह नहीं है। हम पूरी तरह तैयार हैं। हमारी टीम में इस समय कई युवा खिलाड़ी हैं। उनके लिए इससे ज्यादा रोमांचक क्या हो सकता है। दस दिन पहले वे खाली बैठे थे और अब भारत में विश्व कप खेल रहे हैं। उनके लिए यह बिल्कुल शानदार है। हम सभी यहां आकर बहुत खुश हैं और खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


