Delhi News: सड़क पर कितने पशु, सिस्टम के पास कितने संसाधन
Delhi News: ::::आवारा पशुओं से बचाइए :::-आवारा गाय, कुत्ते और बंदरों के मामलों में संसाधनों की कमी से जूझ रहा निगम-गौशालाओं में गाय रखने की क्षमता कम होने के कारण रोज नहीं चल पाता अभियान-खुंखार कुत्तों को रखने के...

Delhi News: ::::आवारा पशुओं से बचाइए ::: -आवारा गाय, कुत्ते और बंदरों के मामलों में संसाधनों की कमी से जूझ रहा निगम
-गौशालाओं में गाय रखने की क्षमता कम होने के कारण रोज नहीं चल पाता अभियान
-खुंखार कुत्तों को रखने के लिए नहीं एक भी शेल्टर, बंध्याकरण के लिए 20 केंद्र मौजूद
नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता।
राजधानी में आवारा पशुओं की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। इनके नियंत्रण के लिए उपलब्ध संसाधन जरूरत के मुकाबले बेहद कम हैं। सड़कों पर घूमते गोवंश और कुत्तों की बड़ी संख्या न केवल यातायात व्यवस्था के लिए चुनौती बनी हुई है, बल्कि इनके कारण दुर्घटनाओं और लोगों के घायल होने का खतरा भी बढ़ रहा है। बंदरों के आतंक ने भी कई इलाकों में लोगों की मुसीबत बढ़ा रखी है। नगर निगम के पास आवारा पशुओं को पकड़ने, रखने और नियंत्रित करने के लिए सीमित वाहन, गौशालाएं और बंध्याकरण केंद्र ही उपलब्ध हैं।
आवारा गायों का प्रबंधन
आवारा गायों को पकड़ने के लिए निगम के 12 जोन में कुल 20 कैटल-कैचिंग वैन हैं। 2600 से अधिक कॉलोनियों में एक दिन में करीब 20 से 25 कॉलोनियों के चुनिंदा इलाकों तक ही टीमें पहुंच पाती हैं। एक वैन एक बार में लगभग पांच से छह गाय ही ले जा सकती है और सामान्य तौर पर एक दिन में एक ही चक्कर लगा पाती है। क्योंकि गाय गौशाला तक पहुंचाने के लिए गाड़ी को एक तरफ से 40 से 50 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता है। किसी भी सूरत में ये गाड़ियां प्रतिदिन 100 से 120 गाय ही पकड़ कर गौशाला ले जा सकती हैं। निगम की मानें तो हर महीने आवारा गायों से संबंधित करीब 1000 से 1200 शिकायतें मिलती हैं। यानी प्रति दिन 33 से 40 शिकायतें प्राप्त होती हैं। ऐसे में शिकायतों का बड़ा हिस्सा अगले दिन या उससे भी बाद की कार्रवाई के लिए रह जाता है। निगम के शाहदरा दक्षिणी जोन के आकलन को मानें तो उनके क्षेत्र में 11 हजार आवारा गाय हर वक्त सड़कों पर रहती है। इस लिहाज से बाकी 11 जोन को मिलाकर यह आंकड़ा काफी अधिक हो सकता है।
संसाधनों की कमी
निगम से जुड़े सूत्रों के अनुसार, इन गाड़ियों से भी हर दिन कार्रवाई नहीं हो पाती। सबसे बड़ी अड़चन गायों को रखने की जगह है। गाड़ियां रोज निकलने से पहले गौशालाओं में उपलब्ध जगह की स्थिति देखती है। अगर वहां क्षमता नहीं होती तो सड़क से गाय पकड़ने की कार्रवाई नहीं होती है। इसकी वजह यह है कि गाय को पकड़ने के बाद उसे गौशाला या निर्धारित शेल्टर में पहुंचाना अनिवार्य है। यानी सड़क पर मौजूद गायों की संख्या के साथ-साथ गौशाला में खाली जगह भी यह तय करती है कि उस दिन कितनी गाय पकड़ी जा सकेंगी।
दिल्ली सरकार की चार गौशालाओं की क्षमता भी जवाब देने लगी है। इनमें दो में क्षमता से अधिक गाय रखी जा रही हैं। हरेवली गौशाला की क्षमता 3270 पशुओं की है, जबकि वहां 4214 गाय हैं। सुल्तानपुर डबास में 7848 की क्षमता के मुकाबले करीब 8200 गाय रखी गई हैं। वहीं रेवला खानपुर में 3488 की क्षमता के मुकाबले 2700 और सुरहेड़ा में 5232 की क्षमता के मुकाबले करीब 5100 गाय हैं। यानी दो गौशालाएं क्षमता से ऊपर चल रही हैं और बाकी दो भी जल्द भरने की स्थिति में हैं।
कुत्तों और बंदरों की समस्या
कुत्तों के मामले में भी तस्वीर अलग नहीं है। दिल्ली में आवारा कुत्तों को लेकर वर्ष 2009 में हुए अंतिम सर्वे में इनकी आबादी 5.6 लाख सामने आई थी। अब अनुमान है कि इनकी संख्या बढ़कर 8 से 10 लाख हो चुक है। इनके लिए निगम के अधीन 20 बंध्याकरण केंद्र हैं, जहां हर महीने करीब 10 हजार कुत्तों का बंध्याकरण किया जाता है। खूंखार या आक्रामक कुत्तों को अलग रखने के लिए निगम के पास एक भी डॉग शेल्टर नहीं है। आवारा कुत्तों के लिए 12 वैन उपलब्ध हैं। प्रत्येक जोन को एक वैन दे रखी है।
जबकि कुत्तों को लेकर हर महीने छह से सात हजार शिकायतें आती हैं।
बंदरों का नियंत्रण
बंदरों के मामले में संसाधनों की स्थिति ज्यादा बेकार है। पूरी दिल्ली में बंदर पकड़ने के लिए महज 10 से 11 कर्मचारी उपलब्ध हैं। शिकायत मिलने पर इन्हीं कर्मचारियों के माध्यम से कार्रवाई की जाती है। जाल से ये लोग बंदरों को पकड़ते हैं। पकड़े गए बंदरों को असोला-भाटी वन्यजीव अभयारण्य में छोड़ा जाता है। क्योंकि नियम के तहत बंदरों को पकड़ने में कोई हानि नहीं पहुंचाई जा सकती और न ही इन्हें किसी जगह रखा जा सकता है। इन कर्मचारियों की मानें तो एक बंदर को पकड़ने कई बार दो से तीन दिन लग जाते हैं। आवारा पशुओं की बढ़ती संख्या और सीमित संसाधनों का असर सड़क सुरक्षा पर भी दिख रहा है।
-----
प्रत्येक जिले में एक गौशाला बनाने की योजना
गौशाला बनाने का काम दिल्ली सरकार के अधीन आता है। दिल्ली सरकार की प्रत्येक जिले में एक गौशाला बनाने की योजना है। यानी 13 जिलों में 13 गौशाला बनेंगी। ऐसा होने पर गाय रखने की क्षमता बढ़ेगी और निगम के गाय पकड़ने के कार्य में निरंतरता बनी रहेगी।
----
केस स्टडी
मुझे 24 जून को श्रीराम चौक पर गाय ने टक्कर मारकर घायल कर दिया था। काफी चोट आई थी। चार दिन तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा। जब से मेरे साथ हादसा हुआ है, आवारा गाय को सड़कों से हटाने का मुद्दा वार्ड से लेकर सदन की बैठक में उठा रही हूं।
-शशि चांदना, मंडावली वार्ड की पार्षद व पीड़िता
-----
आवारा पाशुओं को पकड़ने में उपयोगी वाहनों की फिटनेस पर ध्यान दिया जा रहा है, ताकि उनकी सेहत सही तरहे तो कार्य निरंतर जारी रहे। इसके साथ ही गाय पकड़ने के लिए पांच नए वाहन खरीदने की योजना है, इससे बेड़ा बढ़ेगा। एक डॉग शेल्टर होम बनाने का काम शुरू हो गया है। धीरे-धीरे संसाधन बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
-डॉ. मोनिका पंत, उप महापौर, दिल्ली नगर निगम

