निफ्टी ने छुआ नया शिखर, सेंसेक्स की लंबी छलांग
मुंबई में बिजली, बैंक और धातु शेयरों में मजबूत खरीदारी के चलते निफ्टी 182 अंक बढ़कर बंद हुआ और बीएसई सेंसेक्स में 573 अंकों की तेजी आई। घरेलू संस्थागत निवेशकों के पूंजी निवेश ने बाजार को समर्थन दिया। आईटीसी में गिरावट से एलआईसी को 11,460 करोड़ का नुकसान हुआ।

मुंबई, एजेंसी। बिजली, बैंक एवं धातु शेयरों में मजबूत खरीदारी से शुक्रवार को प्रमुख इक्विटी सूचकांक निफ्टी अपने रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद 182 अंक चढ़कर बंद हुआ, जबकि बीएसई सेंसेक्स में 573 अंकों की तेजी दर्ज की गई। कारोबारियों के मुताबिक, घरेलू संस्थागत निवेशकों की तरफ से पूंजी निवेश का सिलसिला जारी रहने और एशियाई बाजारों में मजबूती से घरेलू शेयर बाजारों को तगड़ा समर्थन मिला। सेंसेक्स 573.41 अंक की बढ़त के साथ 85,762.01 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 623.67 अंक चढ़कर 85,812.27 तक पहुंच गया था। इसी तरह, निफ्टी 182 अंक बढ़कर 26,328.55 अंक पर बंद हुआ।
कारोबार के दौरान एक समय निफ्टी 193.45 अंकों की बढ़त के साथ 26,340 का अपना सर्वकालिक उच्च स्तर भी हासिल किया। सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से एनटीपीसी, ट्रेंट, बजाज फाइनेंस, पावर ग्रिड, मारुति, भारतीय स्टेट बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयर प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में आईटीसी, कोटक महिंद्रा बैंक, टाइटन, एक्सिस बैंक और भारती एयरटेल शामिल हैं। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और हांगकांग का हैंगसेंग सूचकांक उल्लेखनीय बढ़त के साथ बंद हुए। चीन का शंघाई कम्पोजिट और जापान का निक्की अवकाश के कारण बंद रहे। यूरोपीय बाजारों में भी कारोबार के दौरान मजबूती का रुख देखा गया। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को नववर्ष के अवकाश पर बंद रहे थे। एलआईसी को 11,460 करोड़ का झटका भारतीय जीवन बीमा निगम आईटीसी में एक बड़ा शेयरधारक है और सितंबर तिमाही तक उसके पास आईटीसी के 1,98,58,07,233 शेयर, यानी 15.86% हिस्सेदारी थी। सिगरेट पर अतिरिक्त शुल्क और कर लगाने की खबर से आईटीसी के शेयर में तेज गिरावट आई है। इसका असर एलआईसी पर भी पड़ा है। बीते दो दिनों में आईटीसी के शेयर भाव टूटने से देश के सबसे बड़े घरेलू संस्थागत निवेशक एलआईसी को करीब ₹11,460 करोड़ का नुकसान हुआ है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




