खेल : तीक्ष्णा और हसरंगा की फिरकी में फंसा आयरलैंड
कोलंबो में श्रीलंका ने आयरलैंड को टी-20 विश्व कप में 20 रन से हराया। कुसल मेंडिस ने 56 रनों की नाबाद पारी खेली, जबकि महीश तीक्ष्णा और वानिंदु हसरंगा ने तीन-तीन विकेट लिए। श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 163 रन बनाए, जबकि आयरलैंड 19.5 ओवर में 143 रन पर आउट हो गई।

कोलंबो, एजेंसी। कुसल मेंडिस के नाबाद अर्धशतक के बाद महीश तीक्ष्णा और वानिंदु हसरंगा की फिरकी से श्रीलंका ने रविवार को टी-20 विश्व कप में आयरलैंड को एक गेंद रहते 20 रन से पराजित किया। श्रीलंका ने कामिंदु मेंडिस के 19 गेंद में 44 और कुसल 56 के रनों के दम पर खराब शुरुआत से उबरकर छह विकेट पर 163 रन बनाए। इसके बाद आयरलैंड को 19.5 ओवर में 143 रन पर ढेर कर दिया। हैरी टेक्टर ने 40, रॉस एडेयर ने 34, लोरकान टकर ने 21 और कर्टिस कैंफर ने 13 रन बनाए। हैरी और लोरकान ने तीसरे विकेट के लिए 49 रन जोड़े।
दुनिथ ने लोरकान को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद आयरलैंड ने अपने शेष सात विकेट 38 रन जोड़कर गंवा दिए। तीक्ष्णा और हसरंगा ने तीन-तीन और मथीषा पथिराना ने दो विकेट चटकाए। इससे पहले श्रीलंका की शुरुआत काफी धीमी रही। टीम शुरुआती चार ओवर में कामिल मिशारा (14) का विकेट गंवा कर 28 रन ही बना सकी। वह एडेयर की धीमी गेंद पर मिडआफ में कैच दे बैठे। कुसल ने बैरी मैकार्थी को छठे ओवर में तीन चौके लगाकर पावरप्ले तक श्रीलंका का स्कोर 50 रन तक पहुंचाया। इसके बाद आयरलैंड के कप्तान स्टर्लिंग ने बाएं हाथ के स्पिनर जॉर्ज डॉकरेल को गेंद सौंपी। उन्होंने धीमी गेंद पर निसांका को ललचाया जो कवर में स्टर्लिंग को कैच दे बैठे। उनका अगला शिकार पवन रत्नायके बने जो खराब शॉट खेलने के चक्कर में विकेट गंवा बैठे। श्रीलंका का स्कोर 11वें ओवर में तीन विकेट पर 68 और 14वें ओवर में चार विकेट पर 86 रन था। इसके बाद कुसल ने कमिंदु के साथ पांचवें विकेट के लिए 67 रन की साझेदारी कर टीम को 150 के पार पहुंचाया। आयरलैंड के लिए डॉकरेल और मैकार्थी ने दो-दो विकेट झटके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


