खेल : रंगबिरंगी रोशनी के बीच चौथे एशियाई पैरा खेलों का आगाज
रंगबिरंगी रोशनी के बीच चौथे एशियाई पैरा खेलों का आगाज हांगझोउ, एजेंसी। चीन...

रंगबिरंगी रोशनी के बीच चौथे एशियाई पैरा खेलों का आगाज
हांगझोउ, एजेंसी। चीन में हांगचो ओलंपिक खेल केंद्र स्टेडियम में रविवार शाम रंगबिरंगी रोशनी और कलाकारों द्वारा पेश सांस्कृतिक कार्यक्रम के बीच चौथे एशियाई पैरा खेलों का आगाज हुआ। समारोह में चीन के कलाकारों ने अपनी सांस्कृतिक कला का प्रदर्शन किया।
22 खेल होंगे : स्टेडियम में मार्च पास्ट के दौरान भारतीय दल हाथों में तिरंगे लिए केसरिया पगड़ी और नेवी ब्लू रंग के कोट-पैंट पहने हुए था। इस दौरान भारतीय दल के कुछ सदस्य फोन पर सेल्फी लेते देखे गए। इन खेलों में 19 प्रतियोगिता स्थलों पर 22 खेलों की 564 स्पर्धाएं होंगी। इनमें कुल 44 देशों के करीब 3100 एथलीट 2,090 से अधिक अधिकारी, 1550 से अधिक तकनीकी अधिकारी तथा 3,090 से अधिक मीडिया कर्मी इस में भाग ले रहे है।
भारत ने 17 खेलों में 303 खिलाड़ियों (191 पुरुष और 112 महिला) को मंजूरी दी। इनके साथ 143 कोच, अधिकारी और सहयोगी स्टाफ भी होंगे। इनमें से एथलेटिक्स के 123 खिलाड़ी हैं। यह एशियाई पैरा खेलों में भारत का सबसे बड़ा दल है। पिछली बार जकार्ता में हुए खेलों में भारत के 190 खिलाड़ियों ने 13 खेलों में 15 स्वर्ण समेत 72 पदक जीते थे।
