होली पर चलेंगी 300 विशेष रेलगाड़ियां, अस्पताल भी रहेंगे तैयार
दिल्ली एनसीआर में होली के अवसर पर बड़ी संख्या में लोग अपने घरों को जाएंगे। उत्तर रेलवे 300 से अधिक विशेष रेलगाड़ियां चलाने की तैयारी कर रहा है। सुरक्षा के लिए स्टेशनों पर एंबुलेंस और डॉक्टर तैनात रहेंगे। पिछले वर्ष की तुलना में विशेष रेलगाड़ियों की संख्या 20% बढ़ाई गई है।

नई दिल्ली प्रमुख संवाददाता होली के असवर पर दिल्ली एनसीआर से बड़ी संख्या में लोग अपने घरों को जाएंगे। दैनिक रेलगाड़ियों में बिहार, यूपी, झारखंड आदि जगह जाने के लिए टिकट पहले ही फुल हो चुकी हैं। ऐसे में उत्तर रेलवे द्वारा होली पर 300 से ज्यादा विशेष रेलगाड़ियां चलाने की तैयारी है। इसके साथ ही भीड़ को ध्यान में रखते हुए 30 बेड आरक्षित किए जा रहे हैं और तीन प्रमुख स्टेशनों नई दिल्ली, आनंद विहार और निजामुद्दीन पर एंबुलेंस की भी तैनाती रखी जाएगी। जानकारी के अनुसार बीते वर्ष फरवरी माह में स्टेशन पर हादसा हुआ था जिसमें 18 लोगों की जान चली गई थी।
इस वर्ष 4 मार्च को होली का पर्व है जिसके लिए 28 फरवरी से ही लोग अपने घरों की तरफ जाएंगे। इसे ध्यान में रखते हुए उत्तर रेलवे द्वारा अपने विभिन्न स्टेशनों से लगभग 300 होली विशेष रेलगाड़ी चलाने का निर्णय लिया गया है। इनमें से बड़ी संख्या रेलगाड़ियों की आनंद विहार, नई दिल्ली और निजामुद्दीन से रवाना होंगी। इनमें से लगभग 100 गाड़ियां अभी तक घोषित की जा चुकी है जबकि अगले सप्ताह अन्य रेलगाड़ियों की भी घोषणा हो जाएगी। सूत्रों ने बताया कि बीते वर्ष होली के अवसर पर लगभग 250 विशेष रेलगाड़ियां परिचालित की गई थी। इस वर्ष होली के मौके पर लोगों को अधिक भीड़ का सामना न करना पड़े, इसलिए गाड़ियों की संख्या लगभग 20 फीसदी बढ़ाई गई है। इसके अलावा अगर किसी रूट पर अतिरिक्त यात्रियों की संख्या होगी तो उस रूट पर अनारक्षित रेलगाड़ी भी तुरंत चलाकर भीड़ को खत्म किया जाएगा। स्टेशनों पर सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी एक जगह पर अधिक भीड़ न हो। दिल्ली के तीनों प्रमुख स्टेशनों पर एंबुलेंस के साथ डॉक्टरों को तैनात रखा जाएगा। किसी भी अप्रिय घटना के होने पर तुरंत यात्री को स्टेशन पर ही उपचार मिल सकेगा। इसके अलावा रेलवे अस्पताल में 30 बेड इस अवधि के दौरान आरक्षित रखने को कहा गया है।अगर किसी यात्री को उपचार की आवश्यकता पड़ी तो उसे तुरंत रेलवे अपने अस्पताल में बेड उपलब्ध कराएगा। रेलवे स्टेशनों पर 28 फरवरी से होली तक अतिरिक्त कर्मचारियों, सुरक्षाकर्मियों आदी की तैनाती भी की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


