सोमवार से चलेगीं 22 होली विशेष रेलगाड़ियां
उत्तर रेलवे ने होली के मौके पर यात्रियों को घर पहुंचाने के लिए विशेष रेलगाड़ियां चलाने की घोषणा की है। सोमवार से 22 विशेष रेलगाड़ियां चलाई जाएंगी। इस साल अनारक्षित टिकटों की बिक्री पिछले वर्ष की तुलना में 19% बढ़ी है। यात्रियों की सुविधा के लिए प्रमुख रेलवे स्टेशनों से विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं।

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। होली के अवसर पर यात्रियों को उनके घरों तक पहुंचाने के लिए उत्तर रेलवे द्वारा लगातार विशेष रेलगाड़ियां घोषित की जा रही है। सोमवार से 22 विशेष रेलगाड़ियों का परिचालन किया जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग अपने घर होली पर जा सकें। रविवार को दिल्ली क्षेत्र के विभिन्न स्टेशनों से 22 विशेष रेलगाड़ियों को विभिन्न गंतव्यों के लिए रवाना किया गया। शनिवार को 21 विशेष रेलगाड़ियों से लगभग तीन लाख यात्रियों ने सफर किया है। उत्तर रेलवे के मुख्य प्रवक्ता हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि होली के अवसर पर त्यौहार मनाने के लिए अपने मूल स्थानों पर जाने वाले यात्रियों के लिए त्योहार विशेष रेलगाड़ियां चलाई जा रही हैं।
आसान और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली, नई दिल्ली, आनंद विहार टर्मिनल जैसे प्रमुख रेलवे स्टेशनों से देशभर के प्रमुख स्थानों को जोड़ने के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। जमीनी स्थिति के आधार पर स्टेशन निदेशकों की सलाह पर अघोषित विशेष ट्रेनें भी चलाई जा रही हैं, ताकि स्टेशन पर भीड़ न बढ़े। ज्यादा यात्री जा रहे हिमांशु शेखर ने बताया कि बीते वर्ष होली के मौके पर घर जाने वाले यात्रियों के मुकाबले इस वर्ष 19 फीसदी ज्यादा अनारक्षित टिकट बिक्री हुई हैं। वहीं, आरक्षित टिकट पर दिल्ली से बाहर जाने वाले यात्री बीते वर्ष के मुकाबले 12 फीसदी ज्यादा हैं। उन्होंने बताया कि अनारक्षित कोचों में यात्रियों के व्यवस्थित प्रवेश के लिए रेलवे सुरक्षा कर्मचारियों को तैनात किया गया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


