
खेल : विश्व कप में हर अंक अहम होता है, पाक का फैसला हैरान करने वाला : गांगुली
पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली पाकिस्तान के विश्व कप मुकाबले के बहिष्कार से हैरान हैं। उन्होंने कहा कि हर मैच की अहमियत होती है और एक अंक गंवाना भारी पड़ सकता है। गांगुली ने भारतीय टीम की आक्रामक बल्लेबाजी की सराहना की और कहा कि सूर्यकुमार मैच विजेता हैं।
नई दिल्ली, हिन्दुस्तान ब्यूरो। पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली पाकिस्तान के भारत के विश्व कप मुकाबले का बहिष्कार करने के फैसले से हैरान हैं। उन्होंने रविवार को कहा कि हर मैच की अहमियत होती है। मैं पाक के विश्व कप से पीछे हटने से सच में हैरान हूं। वैसे भी पाक को अपने मैच श्रीलंका में खेलने हैं। आप विश्व कप जीतने आते हैं। हर अंक बहुत अहम होता है। वैश्विक टूर्नामेंट में आपको एक अंक गंवाना ही भारी पड़ सकता है। आप ऐसा नहीं कर सकते। मैं थोड़ा हैरान हूं। लेकिन यह उनका फैसला है। गांगुली ने भारत कोरपोरेट प्रीमियर लीग (बीसीपीएल) के चौथे सत्र के मौके पर टीम इंडिया की आक्रामक बल्लेबाजी का समर्थन करते हुए कहा कि यह तरीका आधुनिक टी-20 क्रिकेट का एक स्वाभाविक नतीजा है।
उन्होंने कहा, फटाफट क्रिकेट यही है। आपको लगातार हिट करते रहना होता है। वे बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं और वे लंबे समय से ऐसा कर रहे हैं। ऐसा होगा ही। कुछ मैच ऐसे होंगे जिनमें वे चूक जाएंगे क्योंकि वे भी इंसान हैं। जब आप हर समय हिट करते रहेंगे तो आप चूकेंगे ही। यह बहुत मजबूत और संतुलित टीम है। जैसे-जैसे विश्व कप आगे बढ़ेगा, वे बेहतर होते जाएंगे। एक बार जब आप टूर्नामेंट में खेलने लग जाते हैं तो लय आ जाती है। मैं भारत को प्रबल दावेदार मानता हूं और उन्हें हराना बहुत मुश्किल होगा। टूर्नामेंट के पहले मैच में अमेरिका के खिलाफ शुरू से ही आक्रामक खेलते हुए बाद भारत का स्कोर एक समय विकेट पर 77 रन हो गया था। इसके बाद कप्तान सूर्यकुमार की नाबाद पारी से टीम 150 के पार पहुंची। सूर्य हैं मैच विजेता : उन्होंने कप्तान सूर्यकुमार की सराहना करते हुए उन्हें मैच-विजेता बताते हुए कहा कि वह किसी भी दिन अपने दम पर मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं। गांगुली ने कहा, वह न्यूजीलैंड के खिलाफ बहुत रन बनाकर विश्व कप में आए हैं। वह एक चैंपियन टी-20 खिलाड़ी हैं। वह जिस तरह से गेंद को मैदान पर अलग-अलग हिस्सों में मारते हैं, वह अविश्वसनीय है। यह ऐसी टीम है जहां किसी भी दिन कोई भी खिलाड़ी बेहतरीन प्रदर्शन कर सकता है। जैसा कि मैंने कहा, वे सभी मैच का रुख बदल सकते हैं। ----------------- सिराज ने मौका को भुनाया : जहीर पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान ने कहा कि अमेरिका के खिलाफ टीम ने चुनौती का शानदार ढंग से जवाब देकर अपनी गहराई दिखाई। उन्होंने कहा, बुमराह का नहीं होना निश्चित रूप से एक चिंता का विषय था। लेकिन सिराज ने अच्छा प्रदर्शन किया। यह एक टीम के तौर पर महत्वपूर्ण रहा। क्योंकि एक ऐसा खिलाड़ी जो टीम का हिस्सा नहीं था, उसे मौका मिला और उसने शानदार प्रदर्शन किया। बुमराह के इस्तेमाल के बारे में पूछने पर कि क्या उन्हें पावरप्ले में तीन ओवर गेंदबाजी करनी चाहिए, जहीर ने सुझाव दिया कि भारत के लिए पारी के दौरान उनके कार्यभार को प्रबंधित करना बेहतर होगा। मुझे लगता है कि उन्होंने इसके साथ प्रयोग किया है। बुमराह प्रभाव डालने के मामले में अधिकांश कार्यभार संभाल रहे हैं। आप उन्हें अपनी पसंद के अनुसार किसी भी तरह से इस्तेमाल कर सकते हैं। लेकिन आपको पूरे सेटअप को देखना होगा। मुझे लगता है कि वह पारी के आखिरी ओवरों में बेहतर हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




