कुछ बागी विधायक पार्टी में जरूर लौटेंगे : संजय राउत
राउत ने कहा कि पीएमएलए मामलों में त्वरित जमानत की कोई गुंजाइश नहीं है, और ऐसे कई मामले राजनीतिक प्रतिशोध या व्यक्तिगत चीजों की वजह से दर्ज किए जाते...

मुंबई, एजेंसी।
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता संजय राउत ने शुक्रवार को दावा किया कि कुछ बागी विधायक पार्टी में जरूर लौटेंगे। धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत एक मामले में जमानत पर रिहा होने के दो दिन बाद उन्होंने यह भी कहा कि एक संसदीय समिति को ऐसे सभी मामलों की जांच करनी चाहिए।
राउत ने मुंबई में मीडिया से बात करते हुए कहा कि उनमें (बागियों) से कुछ जरूर वापस आएंगे। बागी विधायक अब पार्टी छोड़ने की वजह बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिवसेना ने इन लोगों के लिए क्या नहीं किया? पार्टी ने मेरी तुलना में उनके लिए ज्यादा किया है। राउत ने कहा कि पीएमएलए मामलों में त्वरित जमानत की कोई गुंजाइश नहीं है, और ऐसे कई मामले राजनीतिक प्रतिशोध या व्यक्तिगत चीजों की वजह से दर्ज किए जाते हैं।
फडणवीस से नहीं निजी दुश्मनी
राउत ने कहा कि इन मामलों को देखने के लिए उच्चतम न्यायालय के किसी सेवानिवृत्त न्यायाधीश की पीठ या विपक्षी सदस्यों के उच्च प्रतिनिधित्व वाली एक संयुक्त संसदीय समिति होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता एवं महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है। राउत ने गरीबों के लिए आवास से संबंधित सरकार के कुछ फैसलों के लिए फडणवीस की प्रशंसा दोहराई।
