चांदी एक दिन में 15 हजार रुपये चमकी, सोना नए शिखर पर

Jan 12, 2026 06:53 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

नई दिल्ली में सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत 15,000 रुपये उछलकर 2,65,000 रुपये प्रति किलोग्राम के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई। सोने की कीमत भी बढ़कर 1,44,600 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। वैश्विक बाजारों में तेजी और भू-राजनीतिक चिंताओं के कारण सोने और चांदी की मांग में वृद्धि हुई है।

चांदी एक दिन में 15 हजार रुपये चमकी, सोना नए शिखर पर

नई दिल्ली, एजेंसी। वैश्विक बाजारों में जोरदार तेजी के अनुरूप सोमवार को राजधानी के सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत 15,000 रुपये उछलकर 2,65,000 रुपये प्रति किलोग्राम के अबतक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई। वहीं सोना भी नए रिकॉर्ड पर बंद हुआ। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी 15,000 रुपये यानी छह प्रतिशत बढ़कर 2,65,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स मिलाकर) के नए शिखर पर पहुंच गई। पिछले कारोबारी सत्र में यह 2,50,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। इसके अलावा, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 2,900 रुपये यानी 2.05 प्रतिशत बढ़कर 1,44,600 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स मिलाकर) के सर्वकालिक उच्चतम स्तर पर पहुंच गया।

शुक्रवार को यह 1,41,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। जानकारों ने कहा, 'सोना 4,600 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर पहुंच गया है जबकि चांदी में और भी तेज उछाल आया है और यह 84 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई है। यह जोखिम के प्रति संवदेनशील माहौल में इसकी अधिक मांग को दिखाता है। बढ़ते तनाव और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दर में और कटौती करने के लिए मजबूर होने की बढ़ती उम्मीदों के कारण चांदी नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। ईरान में बढ़ती अशांति और रूस-यूक्रेन संघर्ष जारी रहने से भू-राजनीतिक चिंताएं भी फिर से बढ़ी हैं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।