ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCR नई दिल्लीसिग्नल तोड़कर भाग रहे वाहन ने बाइक सवार को कुचला

सिग्नल तोड़कर भाग रहे वाहन ने बाइक सवार को कुचला

यमुनापार के गाजीपुर इलाके में मंगलवार रात फ्लाईओवर के नीचे सिग्नल तोड़कर भाग रहे एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार अधेड़ को कुचल दिया। हादसे में 50 वर्षीय मोहम्मद सुलेमान की मौत हो गई। पुलिस मामला दर्ज कर...

सिग्नल तोड़कर भाग रहे वाहन ने बाइक सवार को कुचला
हिन्दुस्तान टीम,नई दिल्लीThu, 17 May 2018 11:24 PM
ऐप पर पढ़ें

यमुनापार के गाजीपुर इलाके में मंगलवार रात फ्लाईओवर के नीचे सिग्नल तोड़कर भाग रहे एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार अधेड़ को कुचल दिया। हादसे में 50 वर्षीय मोहम्मद सुलेमान की मौत हो गई। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।

सुलेमान मूल रूप से बिहार का रहने वाला था, जो बेटे के परिवार के साथ सीमापुरी इलाके रहता था। वह ठेकेदारी करता था। मंगलवार देर रात वह बाइक से घर लौट रहा था। गाजीपुर फ्लाईओवर के नीचे बने यूटर्न पर मुड़ते ही सामने से सिग्नल तोड़ते हुए आए एक तेज रफ्तार वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।

हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वह काफी देर तक वहीं पड़ा रहा, इसी बीच नजर पड़ने पर एक राहगीर ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने सुलेमान को पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके पास मिले दस्तावेजों से उसकी पहचान हुई। पुलिस अज्ञात वाहन का पता लगाने में जुटी है। उधर, कनॉट प्लेस में बुधवार रात सड़क हादसे में अधेड़ की मौत हो गई। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे पुलिस को सूचना मिली कि बाबा खड़क सिंह मार्ग पर पेट्रोल पंप के सामने अज्ञात वाहन ने एक व्यक्ति को टक्कर मार दी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को तुरंत आरएमएल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस आसपास की सीसीटीवी फुटेज से अज्ञात वाहन का पता लगाने का प्रयास कर रही है। मृतक की उम्र करीब 55 साल थी। वह इलाके में ही घूमता-फिरता रहता था।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें