
केरल में सिर्फ कांग्रेस, यूडीएफ की जीत चाहता हूं: थरूर
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि वह केरल विधानसभा चुनाव में केवल अपनी पार्टी और यूडीएफ गठबंधन की जीत के लिए प्रचार करेंगे। उन्होंने मीडिया से यह सवाल बार-बार पूछने से रोकने की अपील की। थरूर ने पार्टी अध्यक्ष से मुलाकात के बाद कहा कि सब ठीक है और वह कांग्रेस में रहेंगे।
तिरुवनंतपुरम, एजेंसी। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने शनिवार को कहा कि वह केरल में होने वाले विधानसभा चुनाव में सिर्फ अपनी पार्टी और उसके नेतृत्व वाले यूडीएफ गठबंधन की जीत चाहते हैं। थरूर ने यहां पत्रकारों से कहा कि वह अपनी पार्टी और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की जीत के लिए प्रचार करेंगे। कांग्रेस नेता ने यह भी दोहराया कि उनकी सिर्फ एक ही पार्टी है कांग्रेस। उन्होंने कहा कि मीडिया को उनसे यह सवाल बार-बार पूछना बंद कर देना चाहिए। तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद ने शुक्रवार को यह भी कहा कि वह कांग्रेस में ही रहेंगे और कहीं नहीं जा रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘मैं (केरल में) चुनाव प्रचार का हिस्सा बनूंगा और यूडीएफ की जीत के लिए काम करूंगा।’ थरूर ने गुरुवार को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी से मुलाकात की, जिसके बाद उन्होंने कहा कि सब ठीक है और सब एक साथ हैं। थरूर हाल ही में कोच्चि में एक कार्यक्रम में उनके साथ हुए व्यवहार और केरल में कुछ नेताओं द्वारा उन्हें दरकिनार करने के प्रयासों से नाराज बताए जा रहे थे। यह मुलाकात केरल विधानसभा चुनाव से पहले हुई, जो कांग्रेस के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। कांग्रेस पिछले 10 साल से राज्य में विपक्ष में है और इस बार वह जीत हासिल करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। -- बजट में केरल से किए गए वादे पूरे करे केंद्र कांग्रेस सांसद थरूर ने आम बजट पेश होने की पूर्व संध्या पर उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार केंद्रीय बजट में केरल से किए गए अपने वादों को पूरा करेगी, जिनमें राज्य में एम्स की स्थापना भी शामिल है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




