
आडवाणी की लंबी सेवा को एक घटना तक सीमित करना अनुचित : थरूर
संक्षेप: कांग्रेस नेता शशि थरूर ने भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी को जन्मदिन की बधाई दी, जिसके बाद उन्हें आलोचना का सामना करना पड़ा। थरूर ने कहा कि आडवाणी का सार्वजनिक जीवन सिर्फ एक घटना से नहीं आंकना चाहिए। कांग्रेस ने कहा कि थरूर का बयान व्यक्तिगत है और पार्टी इससे अलग है।
नई दिल्ली, एजेंसी। वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी को जन्मदिन की बधाई देने के बाद आलोचना का सामना करने वाले कांग्रेस नेता शशि थरूर ने रविवार को कहा कि आडवाणी के लंबे सार्वजनिक जीवन और सेवा को एक घटना तक सीमित करना अनुचित है। थरूर ने यह भी कहा कि जब जवाहरलाल नेहरू के पूरे राजनीतिक जीवन का आकलन चीन युद्ध से नहीं किया जा सकता और इंदिरा गांधी का आकलन केवल आपातकाल से नहीं किया जा सकता तो हमें आडवाणी के प्रति भी यही शिष्टाचार दिखाना चाहिए। दरअसल, कांग्रेस नेता शशि थरूर ने शनिवार को लालकृष्ण आडवाणी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दी थी।

थरूर ने आडवाणी को एक सच्चे राजनेता के रूप में वर्णित किया, जिनका सार्वजनिक जीवन अनुकरणीय रहा है। थरूर के पोस्ट के जवाब में एक वकील ने एक्स पोस्ट किया, माफ कीजिए श्रीमान थरूर, इस देश में 'घृणा के बीज' फैलाना जनसेवा नहीं है। पोस्ट का जवाब देते हुए थरूर ने कहा, सहमत हूं संजय उवाच, लेकिन उनकी लंबी सेवा को एक प्रकरण तक सीमित करना, चाहे वह कितनी भी महत्वपूर्ण क्यों न हो, अनुचित है। ---------------------------- कांग्रेस ने आडवाणी पर शशि थरूर के बयान से बनायी दूरी कांग्रेस ने शशि थरूर द्वारा भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की प्रशंसा किये जाने से खुद को अलग करते हुए रविवार को कहा कि वह व्यक्तिगत हैसियत से अपनी बात कह रहे हैं तथा उनका केंद्रीय कार्य समिति के सदस्य के रूप में ऐसा करना पार्टी की लोकतांत्रिक और उदार भावना को दर्शाता है। कांग्रेस के मीडिया एवं प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने कहा, हमेशा की तरह डॉ. शशि थरूर अपनी बात कह रहे हैं और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस अपने आप को उनके हालिया बयान से अलग रखती है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




