जाम के चलते सुबह से शाम तक लोग हुए परेशान
-एआई समिट और टी-20 क्रिकेट मैच के चलते नई दिल्ली, सेंट्रल दिल्ली समेत कई इलाकों में यातायात रहा प्रभावित-दिल्ली ट्रैफिक पुलिस कंट्रोल रूम को 15 से अधिक स्थानाें पर जाम से परेशान लोगों ने कॉल कियानई...

-एआई समिट और टी-20 क्रिकेट मैच के चलते नई दिल्ली, सेंट्रल दिल्ली समेत कई इलाकों में यातायात रहा प्रभावित -दिल्ली ट्रैफिक पुलिस कंट्रोल रूम को 15 से अधिक स्थानाें पर जाम से परेशान लोगों ने कॉल किया नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। राजधानी दिल्ली में सोमवार को भीषण ट्रैफिक जाम से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। एआई समिट के चलते कई मार्गों पर प्रतिबंध होने के कारण नई दिल्ली समेत अन्य इलाकों में यातायात व्यवस्था प्रभावित रहा। दफ्तर जाने वाले कर्मचारी व स्कूली बच्चे जाम में फंसे नजर आए। इसका असर देर शाम तक देखने को मिला। अरुण जेटली स्टेडियम में टी20 क्रिकेट मैच के चलते भी यातायात प्रभावित हुआ, लेागों ने सड़कों पर वाहन खड़े कर दिए थे।
ऐसे में ट्रैफिक पुलिस के कंट्रोल रूम में जाम से जुड़ी 15 से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने अपनी परेशानी साझा कर ट्रैफिक पुलिस से जाम खुलवाने की गुहार लगाई। सुबह के समय दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर पांडव नगर से सराय काले खां तक ढाई किलोमीटर लंबे हिस्से में वाहनों की कतार नजर आई। एआई समिट के चलते भैरों मार्ग पर वाहनों के प्रतिबंध के कारण रिंग रोड पर वाहनों का मूवमेंट प्रभावित होने से यह स्थिति बनी। वीवीआईपी मूवमेंट के चलते नई दिल्ली क्षेत्र के कई मार्गों पर बैरिकेड लगाए गए थे, जिससे शाहजहां रोड, मथुरा रोड और सी-हेक्सागन जैसे प्रमुख मार्गों पर वाहन चालकों को जाम का सामना करना पड़ा। आश्रम फ्लाईओवर से नोएडा और सराय काले खां की ओर जाम रहा। बारापुला फ्लाईओवर, आईटीओ, आईआईटी फ्लाईओवर से मुनिरका रोड, महिपालपुर, रंगपुरी, नारायणा, दिल्ली कैंट मेट्रो मार्ग, सुल्तानपुरी बस स्टैंड और शास्त्री पार्क से कश्मीरी गेट तक लंबा जाम लगा रहा। सेंट्रल दिल्ली में अफगानिस्तान व यूएई के बीच टी20 क्रिकेट मैच के चलते अरुण जेटली स्टेडियम के आसपास मार्ग प्रभावित रहे। शाम को सदर बाजार क्षेत्र में वाहन सड़कों पर रेंगते नजर आए। राव तुलाराम फ्लाईओवर, वेलिंगटन क्रिसेंट रोड से आरएमएल गोल चक्कर, वसंत विहार फ्लाईओवर से एयरपोर्ट टर्मिनल मार्ग और उत्तम नगर रेड लाइट पर भारी जाम की स्थिति बनी रही। ----- नई दिल्ली क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों पर जाने के लिए समय से निकलें एआई समिट के चलते मंगलवार को भी भैरों मार्ग (रिंग रोड टी-पॉइंट को छोड़कर) व मथुरा रोड (सुब्रमण्यम भारती मार्ग टी-पॉइंट से डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक के बीच) के बीच वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। ऐसे में जिन छात्रों के परीक्षा केंद्र तिलक मार्ग स्थित अटल आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बापू धाम स्थित अटल आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, एपीजे अब्दुल कलाम लेन स्थित अटल आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, विनय मार्ग स्थित नवयुग वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मालचा मार्ग एसवी किचनर रोड स्थित सर्वोदय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, पंडारा रोड स्थित जीबीएसएसएस व सीएम श्री स्कूल, अफ्रीका एवेन्यू रोड़ चाणक्यपुरी स्थित नेवी पब्लिक स्कूल और पुराना किला रोड स्थित गुरु हरकिशन पब्लिक स्कूल में हैं उनको दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों से पहुंचने की सलाह दी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


