
कोहरे की चपेट में पूरा उत्तर भारत
नई दिल्ली/जयपुर/चंडीगढ़ में सर्दी का सितम बढ़ गया है। पंजाब से बिहार तक घना कोहरा छाया रहा। हरियाणा के हिसार में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री, चंडीगढ़ में 5.6 डिग्री और पंजाब के फरीदकोट में 3.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। झारखंड में भी शीत लहर का अलर्ट जारी किया गया है।
नई दिल्ली/ जयपुर/ चंडीगढ़, एजेंसी। साल खत्म होने से पहले सर्दी का सितम और बढ़ गया है। रविवार को भी मैदानी राज्यों में पंजाब से बिहार तक पूरे दिन घना कोहरा छाया रहा। पंजाब और हरियाणा में रविवार को भी कड़ाके की ठंड जारी रही। न्यूनतम तापमान हरियाणा के हिसार में 2.5 डिग्री, नारनौल में पांच, रोहतक में 5.8, भिवानी में छह डिग्री रहा। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री रहा। वहीं, पंजाब में फरीदकोट सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री दर्ज किया गया। अमृतसर और लुधियाना में 4.4, पटियाला में 4.6, बठिंडा और गुरदासपुर में क्रमशः छह और चार डिग्री तापमान रहा।
उधर, राजस्थान में रविवार को मौसम शुष्क रहा, जबकि जयपुर संभाग के कुछ इलाकों में शीतलहर दर्ज की गई। यह जानकारी यहां मौसम कार्यालय ने दी। सीकर जिले के फतेहपुर में सबसे कम 2.1 डिग्री तापमान रहा। न्यूनतम तापमान करौली में 2.4, सीकर में 3.5, पाली में 3.6 और दौसा में 3.9 डिग्री रहा। जयपुर में रविवार सुबह न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने बताया कि मौसम में कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं हुआ है, लेकिन राज्य के कुछ हिस्सों, विशेषकर उत्तरी और पूर्वी क्षेत्रों में शीतलहर का दौर जारी है। विभाग ने बताया कि आने वाले दिनों में राजस्थानभर में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। झारखंड के सात जिलों में शीत लहर का अलर्ट रांची। झारखंड में रांची के पास कांके 2.5 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा। मौसम विभाग ने लातेहार, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, रांची, रामगढ़ और बोकारो के लिए शीत लहर की स्थिति के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। राज्य में 13 जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा। गुमला में 2.9, लोहरदगा में 3.7, खूंटी में चार, डाल्टनगंज में 6.1, चाईबासा में 9.2 और जमशेदपुर में 10.5 डिग्री सेल्सियस रहा। सर्द हवाओं से सिहरा बिहार पटना। सर्द हवाओं और घने कोहरे से बिहार सिहर रहा है। प्रदेश के लगभग सभी जिलों में शीत दिवस जैसे हालात बने हुए हैं। एक जनवरी तक कड़ाके की ठंड से राहत के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग की ओर से घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




