उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, पारा शून्य के करीब
-मौसम विभाग ने ऊंचे इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई -गुलमर्ग में सीजन

चंडीगढ़/श्रीनगर, एजेंसी। उत्तर भारत में सर्दी ने अपना भयंकर रूप दिखाना शुरू कर दिया है। हरियाणा और पंजाब के कई इलाकों में ठंड का प्रकोप जारी है, जबकि कश्मीर में तापमान शून्य से कई डिग्री नीचे चला गया है। मौसम विभाग ने ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है। हरियाणा में सोमवार को सबसे ठंडा स्थान नारनौल रहा। यहां न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हिसार में पारा 3.6 डिग्री तक लुढ़क गया। भिवानी में 4.8, रोहतक में 7.6, करनाल में 7.2 और अंबाला में 9.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। पंजाब में भी ठंड ने लोगों को कंपकंपा दिया।
बठिंडा और फरीदकोट में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अमृतसर में 10.2, लुधियाना में आठ, पटियाला में सात और गुरदासपुर में 7.8 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री रहा, जबकि रविवार को यहां दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम 12 डिग्री सेल्सियस रहा। उधर, कश्मीर में ठंड अपने चरम पर पहुंच गई है। गुलमर्ग में इस सर्दी की अब तक की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 8.8 डिग्री सेल्सियस रहा। श्रीनगर में पारा माइनस 3.6, पहलगाम में माइनस 4.8 और कुपवाड़ा में माइनस 1.8 डिग्री तक गिर गया। कश्मीर इस समय ‘चिल्ला-ए-कलां’ के दौर से गुजर रहा है, जिसमें कड़ाके की ठंड और बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक रहती है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




