उत्तर भारत में शीतलहर से जनजीवन अस्त-व्यस्त
उत्तर भारत में शीतलहर ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, और राजस्थान में ठंड बढ़ने के आसार हैं। श्रीनगर का तापमान -2.9 डिग्री और पंजाब के फरीदकोट का 4.9 डिग्री सेल्सियस रहा। हिमाचल प्रदेश में हल्की बारिश और हिमपात की संभावना है, जिससे ठंड और बढ़ सकती है।

चंडीगढ़/ श्रीनगर/ जयपुर, एजेंसी। समूचा उत्तर भारत शीतलहर की चपेट में है। सुबह-शाम कोहरे की घनी चादर और दिनभर ठंडी हवाओं के सर्द अहसास से कई राज्यों में जनजीवन अस्त-व्यस्त है। पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, हिमाचल, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश से बिहार तक अगले कुछ दिन सर्दी और बढ़ने के आसार हैं। जम्मू-कश्मीर में तापमान के शून्य से नीचे जाने का सिलसिला लगातार बना हुआ है। बुधवार रात श्रीनगर का तापमान -2.9 डिग्री रहा। काजीगुंड में न्यूनतम तापमान -3.2, कुपवाड़ा में -4.2, कोकरनाग में -1.2, गुलमर्ग में 0 डिग्री रहा। राजस्थान के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान चार डिग्री, लूणकरणसर में 5.6 डिग्री, दौसा में 6.1 डिग्री, जालोर में 6.4 डिग्री, करौली में 6.7 डिग्री, सिरोही में 6.8 डिग्री, पाली में 7.3 डिग्री और झुंझुनू में 7.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
जयपुर में यह 10.7 डिग्री सेल्सियस रहा। पंजाब और हरियाणा में बृहस्पतिवार को भी शीत लहर का प्रकोप जारी रहा। फरीदकोट पंजाब का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अमृतसर में न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस जबकि लुधियाना में 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा कम है। पटियाला में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम है। वहीं, पठानकोट में न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस, बठिंडा में 6.2 डिग्री सेल्सियस और गुरदासपुर में सात डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, हरियाणा के अंबाला में न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस, हिसार में 6.4 डिग्री सेल्सियस, करनाल में 6.5 डिग्री सेल्सियस, नारनौल में छह डिग्री सेल्सियस, रोहतक में 7.8 डिग्री सेल्सियस, भिवानी में 7.5 डिग्री सेल्सियस और सिरसा में 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हिमाचल में हल्की बारिश-हिमपात के आसार शिमला। पश्चिमी वक्षिोभ के सक्रिय होने की वजह से हिमाचल प्रदेश में हल्की बारिश-हिमपात होने से आसार है। राज्य में 13 जगहों पर न्यूनतम तापमान पांच डिग्री से नीचे रहा। तीन जगहों पर पारा शून्य पर पहुंच गया है। वहीं लाहौल-स्पीति के आदिवासी जिले के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे होने के कारण झरने-झीलें और नाले ठोस बर्फ में तब्दील हो गये हैं। लिंगटी नाला और झरना ठोस बर्फ में जम गया है। शिंकुला पास में बढ़ी पर्यटकों की आवाजाही शिमला। हिमपात के कारण मनाली-लेह रूट बंद होने के बाद, 16,800 फीट ऊंचा शिंकुला पास पर्यटकों के लिए एक नया बर्फबारी बिंदु बन गया है। हाल में बर्फबारी के बाद शिंकुला पास में करीब आधा फुट बर्फ जम गई है जिसके बाद यहां पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने लगी है। पर्यटन व्यवसायों की मांग को देखते हुए, लाहौल-स्पीति प्रशासन ने शिंकुला पास तक चार-पहिया वाहनों को जाने की अनुमति दे दी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




