
राजधानी को सात दिन जहरीली हवा से राहत के आसार नहीं
दिल्ली में वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में बनी हुई है, औसत एक्यूआई 404 दर्ज किया गया है। अगले एक सप्ताह तक स्थिति में सुधार की उम्मीद नहीं है। पीएम 10 और पीएम 2.5 का स्तर मानकों से तीन गुना ज्यादा है। वजीरपुर और बवाना जैसे क्षेत्रों में एक्यूआई 450 से ऊपर है, जिससे लोगों को घातक प्रदूषण का सामना करना पड़ रहा है।
नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। राजधानी के लोगों को फिलहाल जहरीली हवा से राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। सीपीसीबी के मुताबिक, अगले एक सप्ताह तक हवा ऐसी ही बनी रहेगी। इस दौरान दिल्ली की वायु गुणवत्ता गंभीर या अति खराब श्रेणी में रहने की आशंका है। इस बीच, गुरुवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 404 दर्ज किया गया। इसे गंभीर श्रेणी में रखा जाता है। चिंता की बात यह है कि दिल्ली के दो इलाकों का एक्यूआई 450 से ऊपर यानी अति गंभीर श्रेणी में पहुंच गया। मौसम के अलग-अलग कारकों के चलते दिल्ली के लोगों को इस समय घातक प्रदूषण का सामना करना पड़ रहा है।
खासतौर पर बीते तीन दिनों से लगातार वायु गुणवत्ता सूचकांक 400 के ऊपर बना हुआ है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, गुरुवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 404 के अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को गंभीर श्रेणी में रखा जाता है। एक दिन पहले बुधवार को यह सूचकांक 418 के अंक पर रहा था। यानी चौबीस घंटे के भीतर इसमें 14 अंकों का सुधार हुआ है। हालांकि, यह अब भी बेहद घातक स्तर पर बना हुआ है। इस दौरान वजीरपुर और बवाना जैसे क्षेत्रों का सूचकांक 450 से ऊपर दर्ज किया गया। हवा में साढ़े तीन गुना से ज्यादा प्रदूषण दिल्ली के लोगों को इस समय साढ़े तीन गुना ज्यादा प्रदूषित हवा में सांस लेनी पड़ रही है। मानकों के मुताबिक, हवा में पीएम 10 का औसत स्तर 100 से और पीएम 2.5 का औसत स्तर 60 से कम होने पर ही उसे स्वास्थ्यकारी माना जाता है। जबकि, सीपीसीबी के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर की हवा में गुरुवार को तीन बजे पीएम 10 का औसत स्तर 364 और पीएम 2.5 का औसत स्तर 220 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा। यानी दिल्ली-एनसीआर की हवा में मानकों से तीन गुना से ज्यादा प्रदूषण मौजूद है। दोपहर में मामूली सुधार दिल्ली में दिन के समय इस समय धूप निकल रही है। इस दौरान हवा की गति भी थोड़ी तेज हो रही है। दिन का यही समय है जब हवा में घुले प्रदूषक कणों के विसर्जन की गति थोड़ी तेज हो रही है। बाकी, रात और सुबह के समय ठंड और कोहरे के साथ-साथ हवा की गति भी बेहद धीमी हो जा रही है। इसके चलते प्रदूषक कणों का विसर्जन भी बेहद धीमा हो रहा है। सबसे खराब हवा वाले आठ दिन 13 नवंबर---404 12 नवंबर---418 11 नवंबर---428 10 नवंबर---345 09 नवंबर---370 08 नवंबर---361 07 नवंबर---322 06 नवंबर---311 इन दस स्थानों की हवा सबसे खराब वजीरपुर---455 बवाना---452 आनंद विहार---434 अशोक विहार---435 चांदनी चौक---449 सीआरआरआई मथुरा रोड---438 आईटीओ---438 मुंडका---440 आरके पुरम---445 रोहिणी---442

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




