
पार्किंग विवाद में वैज्ञानिक के साथ मारपीट, जान गई
नोट-- झारखंड के लिए महत्वपूर्ण ::दर्दनाक:: मोहाली की घटना, आरोपी फरार पूरी
चंडीगढ़, एजेंसी। मोहाली में पार्किंग विवाद के दौरान भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (आईआईएसईआर) के एक वैज्ञानिक की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, वैज्ञानिक को पड़ोसी ने जोर से धक्का देते हुए जमीन पर गिरा दिया था और इसके बाद पिटाई की। वह बेसुध हो गए। अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस के मुताबिक, घटना मंगलवार रात की है। अभिषेक स्वर्णकार अपनी मोटरसाइकिल खड़ी कर रहे थे। इसी दौरान उनके पड़ोसी मोंटी (26) ने इसपर आपत्ति जताई। इसके बाद दोनों में तीखी नोकझोंक हुई। आरोप है कि मोंटी ने स्वर्णकार को धक्का दिया और वह सड़क पर गिर गए। इसके बाद मोंटी ने उनकी जमकर पिटाई की। यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। फुटेज में दिख रहा है कि वैज्ञानिक पहले आसपास के लोगों की मदद से खड़े हुए, लेकिन फिर गिर पड़े। पुलिस ने बताया कि उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आरोपी पीड़ित को अस्पताल ले गए थे।
किडनी की बीमारी से पीड़ित थे वैज्ञानिक
पुलिस ने बताया कि स्वर्णकार किडनी की समस्या से पीड़ित थे। उनका डायलिसिस चल रहा था। वह मूल रूप से झारखंड के रहने वाले थे और अपने माता-पिता के साथ मोहाली में किराए के मकान में रह रहे थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




