सैमसंग में बड़ी हड़ताल टालने के लिए वार्ता जारी
दुनिया की सबसे बड़ी मेमोरी चिप निर्माता सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स और उसकी श्रमिक यूनियन के बीच हड़ताल टालने के लिए बातचीत फिर से शुरू हो गई है। अगर समझौता नहीं हुआ तो 45 हजार से ज्यादा कर्मचारी 18 दिन की हड़ताल पर जा सकते हैं, जो वैश्विक चिप सप्लाई चेन और दक्षिण कोरिया की अर्थव्यवस्था पर प्रभाव डाल सकता है।

सियोल, एजेंसी। दुनिया की सबसे बड़ी मेमोरी चिप निर्माता कंपनियों में शामिल सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स और उसकी श्रमिक यूनियन के बीच हड़ताल टालने के लिए बातचीत फिर शुरू हो गई है। दक्षिण कोरिया में यह कंपनी के इतिहास की सबसे बड़ी संभावित हड़ताल मानी जा रही है। अगर समझौता नहीं हुआ तो 45 हजार से ज्यादा कर्मचारी 18 दिन की हड़ताल पर जा सकते हैं, जिससे वैश्विक चिप सप्लाई चेन और दक्षिण कोरिया की अर्थव्यवस्था पर असर पड़ने की आशंका है। प्रस्तावित हड़ताल गुरुवार से शुरू हो सकती है। यह ऐसे समय में हो रही है जब दुनिया में मेमोरी चिप्स की भारी कमी बनी हुई है।
एआई डेटा सेंटर, स्मार्टफोन और लैपटॉप में इस्तेमाल होने वाली इन चिप्स की मांग तेजी से बढ़ी है, जिससे सैमसंग और अन्य चिप कंपनियों का मुनाफा रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है।सोमवार को सरकार की मध्यस्थता में दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई, लेकिन कोई समझौता नहीं हो सका। इसके बाद मंगलवार को फिर वार्ता जारी रखने का फैसला किया गया। यूनियन की मांग है कि कंपनी कर्मचारियों के सालाना वेतन पर 50 प्रतिशत बोनस सीमा खत्म करे और कंपनी के वार्षिक परिचालन लाभ का 15 प्रतिशत हिस्सा कर्मचारियों के बोनस फंड में डाले। दूसरी ओर सैमसंग ने प्रस्ताव दिया है कि अगर इस साल कंपनी का परिचालन लाभ 200 ट्रिलियन वॉन से ज्यादा होता है तो 9 से 10 प्रतिशत लाभ बोनस के रूप में दिया जा सकता है, लेकिन 50 प्रतिशत बोनस सीमा जारी रहेगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


