
रुपया रिकॉर्ड निचले स्तर से उबरा, 26 पैसे उछला
मुंबई में विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 26 पैसे मजबूत होकर 89.89 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ। यह तेजी मुख्य रूप से डॉलर सूचकांक में नरमी और भारतीय रिजर्व बैंक के संभावित हस्तक्षेप के कारण हुई। पहले रुपया 90.43 के सर्वकालिक निचले स्तर पर पहुंच गया था, लेकिन बाद में स्थिति संभल गई।
मुंबई, एजेंसी। विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में गुरुवार को रुपया अपनी रिकॉर्ड गिरावट से उबरने में सफल रहा। रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 26 पैसे मजबूत होकर 89.89 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ। रुपये के मूल्य में यह तेजी मुख्य रूप से डॉलर सूचकांक में नरमी और भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के मुद्रा बाजार में संभावित हस्तक्षेप की वजह से आई। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि अमेरिका में गैर-कृषि रोजगार के आंकड़े अनु्मान से कम रहने से डॉलर में नरमी आई और इसने रुपये को निचले स्तर पर समर्थन दिया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया कमजोर खुला था और शुरुआती कारोबार में फिसलकर 90.43 के नए सर्वकालिक निचले स्तर तक पहुंच गया।

विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) की बिकवाली, कच्चे तेल की ऊंची कीमतें और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की घोषणा में देरी से रुपये पर दबाव रहा। हालांकि बाद में रुपये की स्थिति संभली और अंत में यह 89.89 रुपये प्रति डॉलर के भाव पर बंद हुआ। इस तरह पिछले कारोबारी सत्र के मुकाबले रुपये में 26 पैसे की मजबूती रही। बुधवार को रुपया पहली बार 90 के स्तर के ऊपर चला गया था और 90.15 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। यह इसका अब तक सर्वकालिक निचला बंद स्तर है। इस बीच, दुनिया की प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.01 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 98.84 पर आ गया। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.22 प्रतिशत की तेजी के साथ 62.81 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




