हादसा
- लोगों के पथराव करने पर चालक वाहन छोड़कर फरार हुआ
- पुलिस ने मौके से वाहन को कब्जे में लिया, चालक की तलाश
नई दिल्ली। वरिष्ठ संवाददाता
बुराड़ी इलाके में शुक्रवार सुबह सड़क पार करने के दौरान एक महिला को आरटीवी ने कुचल दिया। महिला नव वर्ष पर अपने मायके आई हुई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, गुस्साए लोगों ने पथराव किया तो चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, पिंकी अपने पति राहुल और बेटे कुणाल के साथ रोहिणी में रहती थीं। पिंकी का मायका बुराड़ी की तोमर कॉलोनी में है। पिंकी नव वर्ष पर मायके वालों को शुभकामनाएं देने के लिए रोहिणी से बुराड़ी आई थी। पिंकी की बहन स्कूल के सामने स्थित एक शोरूम में नौकरी करती है। पिंकी स्कूल के सामने बस से उतरी और बहन से मिलने के लिए चली गई। बहन से मिलकर जब पिंकी सड़क पार कर रही थी तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार आरटीवी ने धक्का मार दिया। टक्कर के बाद महिला का सिर वाहन के पहिए के नीचे आ गया। वहां मौजूद लोगों ने घायल महिला को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, गुस्साए लोगों ने वाहन पर पथराव कर दिया। खुद को घिरता देखकर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर लोगों को शांत कराया। यह आरटीवी पीरागढ़ी से नत्थूपुरा के बीच में चलती है। स्थानीय लोगों का कहना था कि ग्रामीण सेवा और आरटीवी के लापरवाह चालकों की वजह से आए दिन बुराड़ी मेन रोड पर छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं।
बेटे की जान बचा गई
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मां-बेटे एक साथ सड़क पार कर रहे थे। जब पिंकी ने तेज रफ्तार आरटीवी को आते हुए देखा तो उसने बेटे को धक्का देकर सड़क के किनारे कर दिया लेकिन खुद उसकी चपेट में आ गई। इस घटना के बाद बच्चा सदमे में चला गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले में लापरवाही से मौत की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।