जल, थल और नभ पर जवानों का पहरा
नंबर गेम 06 स्तरीय सुरक्षा का प्रबंध परेड मार्ग पर किया गया है 15

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। गणतंत्र दिवस के मद्देनजर जल-थल और नभ तीनों स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतमाम किए गए हैं। दिल्ली की सीमाओं पर बैरिकेड लगाने के साथ ही अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। इसके अलावा कर्तव्य पथ पर एंटी एयरक्राफ्ट गन लगाए गए हैं, जिससे कि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। यमुना में बोट और नाव पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। परेड मार्ग की सुरक्षा छह स्तरीय बनाई गई है। कर्तव्य पथ की बाहरी सुरक्षा में 15 हजार जवान तैनात होंगे। इनमें दिल्ली पुलिस, अतिरिक्त रिजर्व पुलिस कंपनियां, क्विक रिस्पांस टीम, स्वाट कमांडो, बम निरोधक और जांच टीमें, साथ ही ट्रैफिक पुलिस के जवान शामिल होंगे।
वहीं, सुरक्षा को मजबूत करने के लिए अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। राष्ट्रपति भवन से लेकर पूरे परेड रूट तक स्ट्रैटेजिक लोकेशन पर अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। सबसे महत्वपूर्ण मानी जाने वाली आतंरिक सुरक्षा लेयर में तीनों सेना के जवान, नेशनल सिक्योरिटी गार्ड्स (एनएसजी) के कमांडो, और केंद्रीय खुफिया एजेंसियों के विशेष कर्मचारी शामिल हैं। ये जवान वीवीआईपी अतिथियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ उनके आसपास की गतिविधियों पर भी नजर रखेंगे और सीधे कंट्रोल रूम से जुड़े रहेंगे। सौ से अधिक स्नाइपर्स तैनात सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रविवार रात से ही नई दिल्ली से लेकर परेड रूट तक की उचीं इमारतों पर स्नाइपर्स तैनात कर दिए गए हैं। इनकी संख्या 100 से अधिक है। पुलिस ने किसी भी प्रकार के ड्रोन, पतंग सहित अन्य वस्तुओं को उड़ाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कैमरे के सामने से गुजरने वाले व्यक्ति को स्कैन कर उसकी फीड भेजने की व्यवस्था की गई है, ताकि कोई संदिग्ध मौजूद हो तो उसकी जानकारी तत्काल मिल सके। यमुना से रखी जा रही नजर सुरक्षा में सिर्फ जमीन व आसमान का ही ध्यान नहीं रखा गया है, बल्कि यमुना के जलमार्ग से भी इसे पूरी तरह से पुख्ता बनाने का काम किया गया है। खादर वाले इलाकों में पुलिसकर्मी लगातार गश्त कर रहे हैं। यमुना में भी नावों व मोटर वोटों से पुलिसकर्मी संदिग्धों पर नजर रख रहे हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




