गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रपति भवन में होने वाले एट होम में परोसा जाएगा पूर्वोत्तर का पारंपरिक स्वाद

Jan 13, 2026 08:21 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

इस वर्ष गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रपति भवन में एट होम रिसेप्शन के दौरान मेहमानों को पूर्वोत्तर का खाना परोसा जाएगा। निमंत्रण पत्र की डिजाइन पूर्वोत्तर राज्यों की कला और संस्कृति को दर्शाती है। इसे नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन, अहमदाबाद ने तैयार किया है और इसमें स्थानीय हस्तकला को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया है।

गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रपति भवन में होने वाले एट होम में परोसा जाएगा पूर्वोत्तर का पारंपरिक स्वाद

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। इस वर्ष गणतंत्र दिवस के मौके पर राष्ट्रपति भवन में होने वाले पारंपरिक एट होम रिसेप्शन में मेहमानों को पूर्वोत्तर का खाना परोसा जाएगा। मेहमानों को भेजे जाने वाले निमंत्रण पत्र को भी पूर्वोत्तर राज्यों की कला, शिल्प और परंपरा को सम्मान देते हुए तैयार किया गया है। पिछले गणतंत्र दिवस पर निमंत्रण पत्र पर दक्षिण भारत की कला, संस्कृति और शिल्प को जगह दी गई थी। भविष्य में अलग-अलग क्षेत्रों को जगह दी जाएगी। इस बार के निमंत्रण पत्र की थीम अष्टलक्ष्मी राज्यों पर आधारित है। इनमें असम, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, त्रिपुरा और सिक्किम शामिल हैं।

निमंत्रण पत्र पर इन राज्यों के कारीगर और शिल्पकारों की कला को शामिल कर उन्हें सम्मान देने की कोशिश की गई है। निमंत्रण पत्र को इस तरह तैयार किया गया है कि उस में पूर्वोत्तर भारत की पारंपरिक कलाएं साफ नजर आए। इसपर बांस और हथकरघा से जुड़ी डिजाइनों से लेकर लोक चित्रकला तक शामिल है। राष्ट्रपति भवन की इस पहल से जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल को ताकत मिलती है, वहीं मेड इन इंडिया अभियान को भी बढ़ावा मिलता है। गणतंत्र दिवस वर्ष 2026 के एट होम के लिए राष्ट्रपति भवन ने करीब एक हजार निमंत्रण पत्र तैयार कराए हैं। राष्ट्रपति भवन का कहना है कि इस तरह के प्रयास से जहां स्थानीय हस्तकला और परंपरा के कारीगरों को पहचान मिलती है वहीं उन्हें आर्थिक रूप से भी मजबूत बनाने में मदद मिलती है। गणतंत्र दिवस एट होम का निमंत्रण पत्र एक बॉक्स की शक्ल में तैयार किया गया है। यह निमंत्रण नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन, अहमदाबाद ने डिजाइन किया है और इसे बुने हुए बांस की चटाई का इस्तेमाल करके बनाया गया है। बॉक्स खोलने पर दीवार पर लटकाने वाला एक स्क्रॉल मिलता है जो आठ कोनों वाले बांस के बुनाई के पैटर्न से बना है। चटाई का स्क्रॉल खुलने पर भारत के हर उत्तर-पूर्वी राज्य को दिखाने वाली हाथ से बनाई गई चीजों का एक डिस्प्ले दिखाता है। निमंत्रण पत्र के डिजाइन में इलाके के पेड़-पौधों और जानवरों के एलिमेंट भी दिखते हैं। कवर और बॉक्स पर डेकोरेटिव मोटिफ असमिया मैन्युस्क्रिप्ट पेंटिंग ट्रेडिशनल से लिए गए हैं, जबकि निमंत्रण पत्र के नीचे फैब्रिक पैनल पर मोटिफ नॉर्थ-ईस्ट के देसी पेड़-पौधों और जानवरों को उकेरा गया है। इसमें अष्टलक्ष्मी राज्यों के हर राज्य से एक-एक चीज को शामिल किया गया है, ताकि मेहमान पूर्वोत्तर के राज्यों और वहां की कला व संस्कृति का अनुभव कर सके।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।