आरबीआई ने बैंकिंग प्रणाली में 84,582 करोड़ रुपये की नकदी डाली
भारतीय रिजर्व बैंक ने दो 'परिवर्तनीय रेपो दर' (वीआरआर) नीलामी के जरिए बैंकिंग प्रणाली में 84,582 करोड़ रुपये की नकदी डाली है। पहली नीलामी में 50,001 करोड़ रुपये और दूसरी में 34,581 करोड़ रुपये का योगदान दिया गया। वर्तमान में बैंकिंग प्रणाली में लगभग 1.27 लाख करोड़ रुपये की अधिशेष नकदी उपलब्ध है।

मुंबई, एजेंसी। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने सोमवार को दो 'परिवर्तनीय रेपो दर' (वीआरआर) नीलामी के माध्यम से बैंकिंग प्रणाली में 84,582 करोड़ रुपये की अस्थायी नकदी डाली है। नकदी डालने का अर्थ है कि केंद्रीय बैंक ने वाणिज्यिक बैंकों को अल्पकालिक ऋण उपलब्ध कराया है ताकि बाजार में धन की कमी न हो। केंद्रीय बैंक ने एक बयान में बताया कि दिन की शुरुआत में पहली तीन-दिवसीय वीआरआर नीलामी के जरिये 50,001 करोड़ रुपये दिए गए। यह राशि 5.34 प्रतिशत की न्यूनतम स्वीकार्य दर और 5.44 प्रतिशत की भारित औसत दर पर दी गई। इसके बाद दिन में हुई दूसरी नीलामी में आरबीआई ने 5.26 प्रतिशत की न्यूनतम स्वीकार्य दर पर 34,581 करोड़ रुपये की अतिरिक्त नकदी प्रणाली में शामिल की।पहली
नीलामी में बैंकों की ओर से 57,287 करोड़ रुपये की बोली आई थी, जबकि अधिसूचित राशि 50,000 करोड़ रुपये थी। हालांकि, दूसरी नीलामी में बैंकों द्वारा मांगी गई राशि अधिसूचित राशि से कम रही। वर्तमान में 27 मार्च तक के अनुमान के अनुसार बैंकिंग प्रणाली में लगभग 1.27 लाख करोड़ रुपये की अधिशेष नकदी मौजूद है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


