ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCR नई दिल्लीदुष्कर्म का विरोध करने पर देवर ने भाभी को छत से फेंका

दुष्कर्म का विरोध करने पर देवर ने भाभी को छत से फेंका

उत्तर पश्चिम दिल्ली के भारत नगर इलाके में रविवार सुबह दुष्कर्म का विरोध करने पर एक देवर ने अपने भाभी को चाकुओं से गोद दिया। इसके बाद उसने पीड़िता को दूसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया। हालांकि, पीड़िता ने...

दुष्कर्म का विरोध करने पर देवर ने भाभी को छत से फेंका
हिन्दुस्तान टीम,नई दिल्लीTue, 08 Aug 2017 11:54 PM
ऐप पर पढ़ें

उत्तर पश्चिम दिल्ली के भारत नगर इलाके में रविवार सुबह दुष्कर्म का विरोध करने पर एक देवर ने अपने भाभी को चाकुओं से गोद दिया। इसके बाद उसने पीड़िता को दूसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया। हालांकि, पीड़िता ने कूलर का राड पकड़ लिया और उसकी जान बच गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी अरविंद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला परिवार सहित भारत नगर इलाके में रहती है। पड़ोस में ही उसका देवर अरविंद भी रहता है। पुलिस को दी गई शिकायत में महिला ने बताया कि उसके पति पेशे से टूरिस्ट कैब के ड्राइवर हैं। जब उसके पति घर पर नहीं होते थे तो अरविंद उसके साथ संबंध बनाने की कोशिश करता था। हाल के दिनों में महिला के पति पर्यटकों को लेकर दिल्ली से बाहर गए हुए हैं। इसकी वजह से अरविंद लगातार उसके साथ गलत हरकत करने की कोशिश करता रहता था। इससे आजिज आकर पीड़िता ने पूरी बात अपने पति को बता दी। इस पर महिला के पति ने अपने भाई को फोन कर डांट फटकार लगाई। इस बात से नाराज अरविंद रविवार सुबह करीब 10:30 बजे अपने भाई के घर आया और फिर से अपनी भाभी के साथ संबंध बनाने की कोशिश करने लगा। पीड़िता ने पति को बताने की धमकी दी तो नाराज अरविंद रसोई में गया और वहां से चाकू लाकर भाभी पर सात-आठ बार वार कर दिया। इसके बाद हत्या के इरादे से उसने अपनी भाभी को दूसरी मंजिल की खिड़की से नीचे फेंक दिया। मगर, गनीमत रही कि घायल होने के बावजूद महिला ने खिड़की में लगे कूलर का रॉड पकड़ लिया। इस बीच महिला की चीख सुनकर स्थानीय लोग वहां जमा हो गए। महिला को लटकते हुए देखकर पहली मंजिल पर रहने वाले युवकों ने उसे किसी तरह नीचे उतारा। इस दौरान पुलिस को सूचना दे दी गई। वहीं, लोगों ने आरोपी अरविंद को मौके पर ही पकड़ लिया। पिटाई के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने महिला को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी हालत सामान्य है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि 25 वर्षीय आरोपी अरविंद को उसका भाई दिल्ली इलाज के लिए लेकर आया था। लेकिन उसकी हरकतों से नाराज होकर भाई ने अलग कर दिया था।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें