ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCR नई दिल्लीअंगद, अहिल्या और निषाद के रूप में नजर आएंगे बड़े नेता

अंगद, अहिल्या और निषाद के रूप में नजर आएंगे बड़े नेता

दिल्ली की मशहूर रामलीला का नजारा इस बार कुछ अलग होगा। फिल्म और टीवी कलाकारों के साथ पहली बार कई बड़े नेता भी अंगद, अहिल्या और निषाद की भूमिका में नजर आएंगे। राजधानी की लवकुश रामलीला कमेटी ने इसके लिए...

अंगद, अहिल्या और निषाद के रूप में नजर आएंगे बड़े नेता
कार्यालय संवाददाता,नई दिल्लीWed, 20 Sep 2017 01:54 PM
ऐप पर पढ़ें

दिल्ली की मशहूर रामलीला का नजारा इस बार कुछ अलग होगा। फिल्म और टीवी कलाकारों के साथ पहली बार कई बड़े नेता भी अंगद, अहिल्या और निषाद की भूमिका में नजर आएंगे।
राजधानी की लवकुश रामलीला कमेटी ने इसके लिए प्रयास किया था, जिसमें वे सफल रहे। केंद्रीय सामाजिक न्याय राज्यमंत्री विजय सांपला निषाद राज का किरदार निभाते दिखेंगे। वे पंजाब के होशियारपुर से सांसद हैं। साथ ही भोजपुरी कलाकार व दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी अंगद की भूमिका में नजर आएंगे। वहीं, भाजपा नेता विजेंद्र गुप्ता की पत्नी व रोहिणी से निगम पार्षद शोभा विजेंद्र अहिल्या बनेंगी। इनके अलावा उत्तरी दिल्ली की मेयर प्रीति अग्रवाल और पूर्वी दिल्ली की मेयर नीमा भगत भी लवकुश रामलीला में महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आएंगी। 

अन्य सितारे भी शिरकत करेंगे 
लड़ाई के दृश्यों को जीवंत करने के लिए 50 के करीब फिल्म व टीवी के कलाकार रामलीला में हिस्सा ले रहे हैं। इसमें लखनऊ के जादूगर हसन कमल रिजवी भी शामिल हैं। रिजवी इल्यूजन की सहायता से दृश्य को जीवंत करने में सहायता करेंगे। अन्य महव्पूर्ण कलाकारों में रजा मुराद, शहबाज खान और अली खान शामिल हैं। वहीं, टीवी सीरियल में कृष्ण का किरदार निभाने वाले विशाल करवाल राम की भूमिका में नजर आएंगे। भाजपा नेता मनोज तिवारी ने रामलीला के लिए दो नए गीत लिखे और कंपोज किए हैं।

लवकुश रामलीला कमेटी  
लवकुश रामलीला कमेटी की शुरुआत 1988 में हुई थी। कुछ समय बाद ही इसकी प्रसिद्धि बढ़ती गई। इसमें बॉलीवुड कलाकार व सेलीब्रिटी को बुलाया जाने लगा। वर्ष 2015 से इसमें फिल्म व टीवी कलाकारों ने किरदार निभाना शुरू किया। 

द्वारका में 140 फुट लंबा मंच होगा
द्वारका रामलीला सोसायटी की ओर से द्वारका सेक्टर 10 में रामलीला की भव्य तैयारियां की जा रही हैं। मंच लगभग तैयार है। नवरात्र के पहले दिन से यहां पर भी रामलीला का मंचन शुरू हो जाएगा। इस बार भी 140 फुट लंबा, 60 फुट चौड़ा और 92 फुट ऊंचा मंच बनाया है। इसका मकसद यह है कि पंक्ति में अंतिम छोर पर बैठे लोगों को भी रामलीला का मंचन ठीक तरीके से दिखाई दे। इसके अलावा जगह-जगह पर एलईडी स्क्रीन भी लगी होगी।

यहां देखने जाएं रामलीला

  • 21 सितंबर से एक अक्तूबर तक
  • लवकुश रामलीला कमेटी, लालकिला मैदान, शाम छह बजे से।
  • श्री धार्मिक रामलीला कमेटी, माधव पार्क, लाल किला, रात्रि आठ बजे से।
  • नवश्री धार्मिक लीला कमेटी,15 अगस्त पार्क, लाल किला, रात्रि आठ बजे से।
  • श्रीराम लीला कमेटी, रामलीला मैदान, रात्रि आठ बजे से। 

यह पहली बार है जब मैं किसी रामलीला में  भूमिका निभाउंगा। आयोजक मेरे पास प्रस्ताव लेकर आए थे, जिसे मैंने स्वीकार कर लिया। छोटा किरदार होने के कारण मुझे इसके लिए बहुत अधिक अभ्यास की जरूरत नहीं है। 
-विजय सांपला, केंद्रीय मंत्री
मैं इसमें भाग लेकर लोगों को यह संदेश देना चाहती हूं कि रामलीला हमारी सांस्कृतिक विरासत है। हमें इसे बचाना है। जबतक समाज के विभिन्न तबकों से लोग इसमें नहीं जुड़ेंगे, हम आमलोगों को श्रीराम का सही संदेश नहीं दे पाएंगे। 
-शोभा विजेंद्र, निगम पार्षद
पहले मैं केवट का किरदार निभाता था। बाद में यह किरदार मेरे साथी भोजपुरी कलाकार रवि किशन ने निभाना शुरू कर दिया। इस बार वह नारद बनेगा और मैं अंगद। रामलीला में काम कर बेहद ही खुशी का एहसास हो रहा है।
-मनोज तिवारी, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें