चुनाव नहीं, अगली पीढ़ी के बारे में सोचती है भाजपा : राजनाथ
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा और पीएम मोदी अपनी नीयत और कार्यों में ईमानदार हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी अगली पीढ़ी के बारे में सोचती है, न कि अगले चुनाव के बारे में। केंद्रीय मंत्री ने संप्रग सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए और बताया कि उनके कार्यकाल में रक्षा बजट में वृद्धि हुई।

हैदराबाद, एजेंसी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी न केवल अपने कार्य में बल्कि अपनी नीयत में भी ईमानदार हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी हमेशा अगली पीढ़ी के बारे में सोचती है, न कि अगले चुनाव के बारे में। राजनाथ सिंह ने यहां ‘इंटेलेक्चुअल मीट’ को संबोधित करते हुए कहा कि भारत के बजट का हर रुपया देश की सुरक्षा को मजबूत करने में इस्तेमाल किया जा रहा है और राजग सरकार पर किसी भी तरह के भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं हैं। उन्होंने कहा कि हम अगले चुनाव की चिंता नहीं करते, बल्कि अगली पीढ़ी की चिंता करते हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हम इस बात को लेकर चिंतित नहीं हैं कि अगले चुनाव में क्या होगा, हम इस बात को लेकर चिंतित हैं कि अगली पीढ़ी के साथ क्या होगा। हमारी नीयत बिल्कुल साफ है। हमारे शब्दों और कार्यों में कोई अंतर नहीं है। उन्होंने संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की पूर्ववर्ती सरकार पर भ्रष्टाचार और घोटालों में लिप्त होने का आरोप लगाया, जिनमें 2जी घोटाला, कोयला घोटाला और राष्ट्रमंडल खेल घोटाला शामिल थे। राजनाथ सिंह ने कहा कि संप्रग के शासनकाल में लगभग हर दिन नए घोटालों की खबरें सामने आती थीं, जिससे राजकोष को लाखों करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल (2014 से 2019) में गृह मंत्री रहते हुए रक्षा बजट का आवंटन 2.5 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 8 लाख करोड़ रुपये हो गया था।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


