खेल अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए पीपीपी मॉडल जरूरी : राजनाथ
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने खेल अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने के लिए पीपीपी मॉडल को बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार खेल संस्कृति को बढ़ावा दे रही है, जिससे एथलीट्स और युवाओं को अवसर मिलेंगे। भारतीय सेना ने पोलो खेल में योगदान दिया है और इसे भारत का 'हेरिटेज स्पोर्ट' बताया।

नई दिल्ली, एजेंसी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को देश की खेल अर्थव्यवस्था को एक नई दिशा देने के लिए पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल को बढ़ाने का आह्वान किया। आदित्य बिड़ला मेमोरियल पोलो कप टूर्नाटमेंट में रक्षा मंत्री ने कहा, सरकार कई पहलों के माध्यम से देश के भीतर समृद्ध खेल संस्कृति को बढ़ावा दे रही है, जहां एथलीट्स और युवाओं को अवसरों, संसाधनों और सम्मान तक पहुंच प्राप्त है। उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में भारत विभिन्न खेलों में, विशेष रूप से पोलो में एक मजबूत वैश्विक पहचान बनाएगा। पोलो देश की खेल परंपराओं में गहराई से जुड़ा हुआ है, जो हजारों वर्षों से चली आ रही है, और इसे सही मायने में भारत का 'हेरिटेज स्पोर्ट' कहा जा सकता है।राजनाथ
सिंह ने उल्लेख किया कि भारतीय सेना ने पोलो के खेल में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को लाने और इसकी समृद्ध विरासत को संरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।उन्होंने कहा, इंडियन पोलो एसोसिएशन के सहयोग से काम करते हुए भारतीय सेना ने इस विरासत को जीवंत और प्रासंगिक बनाए रखने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने विश्वास जताया कि मिलकर काम करते हुए हम भारत में पोलो और अन्य खेलों के लिए एक सकारात्मक संस्कृति को बढ़ावा देंगे। इससे हमारी युवा प्रतिभाओं को आगे आने और देश का गौरव बढ़ाने का अवसर मिलेगा।उन्होंने आगे कहा कि 'राष्ट्रीय खेल शासन अधिनियम' और 'खेलो भारत नीति' प्रतिभाशाली एथलीट्स के लिए अपार लाभ देने के लिए तैयार हैं और खेल संगठनों के भीतर अधिक पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा देंगे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


