
रेलवे स्टेशन पर गहने चुराने वाले गिरोह का भंडाफोड़
नई दिल्ली में रेलवे पुलिस ने लिफ्ट-एस्केलेटर पर महिला यात्रियों का ध्यान भटकाकर गहने चुराने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। गिरोह की पांच महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से एक करोड़ रुपये के गहने बरामद हुए हैं। ये महिलाएं अकेली यात्रियों को निशाना बनाकर चोरी करती थीं।
नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। रेलवे पुलिस ने लिफ्ट-एस्केलेटर पर महिला यात्रियों का ध्यान भटकाकर गहने चुराने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह की पांच महिलाओं को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से करीब एक करोड़ रुपये के गहने बरामद किए हैं। डीसीपी केपीएस मल्होत्रा ने बुधवार को बताया कि रेलवे स्टेशन की लिफ्ट से महिला यात्रियों के बैग से गहने आदि चोरी होने की एफआईआर दर्ज हुई थी। मामले की जांच एसीपी संजय भारद्वाज की देखरेख में एसएचओ ललित कुमार की टीम को सौंपी गई थी। टीम ने करीब सौ सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने के बाद गिरोह की सरगना शीतल उर्फ अन्नू को गिरफ्तार कर लिया।
इसके कब्जे से 70 लाख रुपये की कीमत के चोरी के गहने बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि वह गुजरात के भावनगर की रहने वाली है। उसके गिरोह में चार अन्य महिलाएं भी हैं। सभी दिल्ली में किराए के मकान में रहती हैं। इस सूचना के आधार पर नई दिल्ली रेलवे पुलिस स्टेशन के एसएचओ विश्वनाथ पासवान की टीम ने गिरोह की चार अन्य महिलाओं को आनंद पर्वत से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 30 लाख रुपये कीमत के सोने और हीरे के गहने बरामद हुए। इस तरह बनाती थीं निशाना डीसीपी ने बताया कि गिरोह पहले ऐसी महिला की तलाश करती थीं, जो अकेले स्टेशन पहुंची हो। फिर उसका पीछा करती थीं। महिला यात्री के लिफ्ट या एस्केलेटर पर सवार होते ही गिरोह की महिलाएं उसे घेरकर बातों में उलझा लेती थीं। यात्री का ध्यान भटकते ही बड़ी ही सफाई से उसके हैंडबैग आदि को खोलकर कीमती सामान चुरा लेती थीं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




