मैकडॉनल्ड्स में घटिया तेल में तल रहे थे फ्रेंच फ्राइज
जयपुर के खाद्य सुरक्षा विभाग ने मैकडॉनल्ड्स समेत दो रेस्तरां पर छापा मारा। जांच में पाया गया कि फ्रेंच फ्राइज और अन्य खाद्य पदार्थ अत्यंत घटिया और स्वास्थ्य के लिए हानिकारक तेल में तले जा रहे थे। 100 किलोग्राम दूषित खाद्य सामग्री नष्ट की गई। रेस्तरां को खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत नोटिस जारी किया जाएगा।

जयपुर, एजेंसी। राजस्थान के खाद्य सुरक्षा विभाग की एक टीम ने सोमवार को जयपुर में मैकडॉनल्ड्स समेत दो रेस्तरां पर छापा मारा। जांच में सामने आया कि रेस्तरां में फ्रेंच फ्राइज और अन्य खाद्य पदार्थ अत्यंत घटिया और स्वास्थ्य के लिए खतरनाक खाद्य तेल में तले जा रहे थे। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि कार्रवाई के दौरान लगभग 100 किलोग्राम दूषित खाद्य सामग्री मौके पर ही नष्ट की गई। उन्होंने कहा कि रेस्तरां में जिस रिफाइंड पामोलीन खाद्य तेल में फ्रेंच फ्राइस एवं अन्य खाद्य पदार्थ तले जा रहे थे उसका कुल ध्रुवीय यौगिक (टीपीसी) स्तर निर्धारित अधिकतम सीमा 25 से बहुत अधिक पाया गया।
अधिकारी ने बताया कि जिस तेल में नॉनवेज तला जा रहा था उसका टीपीसी 28 और वेज खाद्य पदार्थों के लिए उपयोग किए जा रहे तेल का टीपीसी 31 था। डॉ. मनीष ने बताया कि टीपीसी एक मापदंड है, जो खाद्य तेल की गुणवत्ता को बताता है और इसकी मात्रा 25 से अधिक होने पर तेल एक तरह से विषाक्त हो जाता है, जिसमें कैंसरकारक तत्व बन जाते हैं और हानिकारक वसा की मात्रा अत्यधिक बढ़ जाती है, जो दिल की गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण बनती है विभाग ने बताया कि रेस्तरां को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी और लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



