महिलाओं को दो हजार रुपये प्रति माह देगी कांग्रेस
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले पांच घोषणाएं की। महिलाओं को 2000 रुपये प्रति माह, स्वास्थ्य बीमा, मुफ्त शिक्षा, और किसानों को वार्षिक सहायता देने का आश्वासन दिया। युवा सशक्तिकरण के लिए सरकारी रिक्तियों को भरने और एआई कौशल विकास केंद्र खोलने की बात कही।

नई दिल्ली, एजेंसी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को विधानसभा चुनाव से पहले पश्चिम बंगाल के लिए पार्टी की पांच घोषणाओं पर बात की। उन्होंने महिलाओं को 2000 रुपये प्रति माह की सहायता देने का आश्वासन दिया। ‘एक्स’ पर पोस्ट में राहुल ने कहा कि कांग्रेस बेहतर स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा तक पहुंच, किसानों के लिए समर्थन, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर और महिलाओं को मासिक वित्तीय सहायता प्रदान करेगी। स्वास्थ्य सेवा के लिए उन्होंने बताया कि कांग्रेस 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा, जिला अस्पतालों में मुफ्त डायलिसिस और कैंसर का इलाज प्रदान करेगी। वहीं, स्नातक तक के छात्रों के लिए मुफ्त शिक्षा और महिलाओं के लिए पोस्ट ग्रैजुएट तक मुफ्त शिक्षा का आश्वासन दिया।
इसके अलावा, स्कूलों में एआई और अंग्रेजी की शिक्षा दिलाने का वादा किया। साथ ही किसानों को 15,000 रुपये की वार्षिक सहायता और 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने की बात कही। युवा सशक्तिकरण के लिए राहुल गांधी ने कहा कि सभी सरकारी रिक्तियां भरी जाएंगी, सुनिश्चित इंटर्नशिप की गारंटी होगी और जिला स्तर पर एआई कौशल विकास केंद्र खोले जाएंगे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


