
राहुल गांधी ने दिल्ली के प्रदूषण पर सरकार से सवाल किए
नई दिल्ली में वायु प्रदूषण पर राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाए। उन्होंने संसद में इस मुद्दे पर चर्चा की मांग की और ठोस कार्ययोजना की जरूरत बताई। महिलाओं से बातचीत में उन्होंने प्रदूषण के कारण बच्चों की सेहत पर गंभीर खतरे की चिंता जताई।
नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण को लेकर केंद्र सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने संसद के शीतकालीन सत्र में इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा कराने और प्रदूषण से निपटने के लिए ठोस कार्ययोजना लागू करने की मांग की है। इसी क्रम में उन्होंने ‘वॉरियर मॉम्स’ और ‘मदर्स ऑफ क्लीन एयर’ से जुड़ी महिलाओं से भी मुलाकात की। राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, हर मां उनसे यही शिकायत करती है कि उसका बच्चा जहरीली हवा में सांस ले रहा है। वे थकी, डरी और नाराज हैं।
उन्होंने पूछा कि भारत के बच्चों का हमारे सामने दम घुट रहा है, ऐसे में सरकार कैसे चुप रह सकती है। सरकार न कोई तत्परता दिखा रही है और न ही कोई जवाबदेही। उन्होंने कहा कि इस स्वास्थ्य आपात स्थिति से निपटने के लिए एक सख्त और लागू किए जाने योग्य एक्शन प्लान जरूरी है। उन्होंने कहा कि हमारे बच्चों को बहाने नहीं, साफ हवा चाहिए। राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट के साथ वॉरियर मॉम्स की महिलाओं के साथ बातचीत का वीडियो भी साझा किया। बातचीत में महिलाओं ने प्रदूषण के कारण बच्चों की सेहत पर गंभीर खतरे की चिंता जताई। राहुल गांधी ने कहा कि प्रदूषण से दिल्ली का हर व्यक्ति प्रभावित है, सबसे गरीब भी और सबसे अमीर भी। उन्होंने कहा कि जब 500 से 1000 वाणिज्यिक इकाइयां दिल्ली को प्रदूषित कर रही हों, तो यह साफ है कि उनके पास राजनीतिक प्रभाव है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के पास इस समस्या से निपटने के कुछ विकल्प हैं, लेकिन देश में अधिकांश लोगों के पास डॉक्टर तक पहुंच भी नहीं। ऐसे में माना जा रहा है कि राहुल गांधी सहित विपक्ष की अन्य पार्टियां भी संसद में इस मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाएंगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




