Delhi News: प्रदर्शनकारी आदिवासी छात्रों के साथ आए राहुल
Delhi News: --छात्रों की गूंज कार्यक्रम में युवती ने बताई समस्या --राहुल बोले-मुझे वहां बुलाओ, मैं आपके

Delhi News: पुणे, एजेंसी। पुणे में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को प्रदर्शन कर रहे आदिवासी छात्रों के साथ शामिल होने की पेशकश की। राहुल ने यह पेशकश तब की, जब समुदाय की एक युवती ने हॉस्टल सुविधाओं, शिक्षा और सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं के बारे में बताया। लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कहा कि मुझे वहां बुलाओ, मैं आकर आपके साथ बैठूंगा। इस कार्यक्रम में उन्होंने छात्राओं से शिक्षा तक पहुंच, आर्थिक स्वतंत्रता, सार्वजनिक परिवहन में सुरक्षा, हिंसा और साइबर उत्पीड़न जैसे कई मुद्दों पर खुलकर बातचीत की। युवती ने राहुल गांधी को बताया कि आदिवासी छात्र अपनी मांगों को लेकर पुणे के मंजरी में पिछले 10 दिनों से भूख हड़ताल कर रहे हैं।
उसने कहा कि विरोध प्रदर्शन में दो लड़कियां भी शामिल थीं और उनमें से एक की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था।छात्रा ने बताया कि आदिवासी समुदाय के प्रतिनिधियों ने अपनी मांगों की ओर ध्यान दिलाने के लिए राज्य सरकार से संपर्क किया था, लेकिन उन्हें बताया गया कि यह मामला मुख्यमंत्री के अधिकार क्षेत्र में है। अधिकारियों की आलोचना करते हुए उसने कहा कि अगर आप आदिवासी छात्रों के विकास के लिए काम नहीं कर सकते, तो आपको उस कुर्सी पर बैठने का कोई अधिकार नहीं है। छात्रा ने मांग की कि सरकारी आदिवासी हॉस्टल में रहने की उम्र सीमा बढ़ाई जाए। उसने आदिवासी आश्रम स्कूलों की हालत पर भी चिंता जताई और आरोप लगाया कि कई संस्थानों में बिस्तर और पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। कांग्रेस नेता ने यह संकेत दिया कि वह छात्रों के साथ शामिल होंगे और उनकी शिकायतों को हल करने में मदद के लिए अधिकारियों पर दबाव डालेंगे।


