मैं ऐसे परिवार में पला-बढ़ा, जहां महिलाएं ही प्रमुख रहीं: राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर कहा कि महिलाओं की प्रमुख भूमिका है और वे आमतौर पर पुरुषों से अधिक बुद्धिमान होती हैं। उन्होंने छात्राओं के साथ चर्चा में उनके आत्मविश्वास और सपनों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि महिलाएं समाज में असाधारण बदलाव ला सकती हैं और सभी महिलाओं को शुभकामनाएं दीं।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि वह ऐसे परिवार में पले-बढ़े हैं, जहां महिलाओं की प्रमुख भूमिका रही है। उन्होंने यह भी कहा कि आमतौर पर महिलाएं पुरुषों से अधिक बुद्धिमान और दूरदर्शी होती हैं। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राहुल गांधी ने अपने यूट्यूब चैनल पर केरल में छात्राओं के साथ हुई बातचीत का एक वीडियो साझा किया। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले केरल में दोपहर के भोजन के दौरान उनकी कुछ छात्राओं से मुलाकात हुई, जिनसे बेहद रोचक चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि छात्राओं के सपने, जिज्ञासा और आत्मविश्वास से वह बहुत प्रभावित हुए।लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि जब महिलाएं अपनी क्षमता को पहचानती हैं और खुले मन से आगे बढ़ती हैं तो वे समाज में असाधारण बदलाव ला सकती हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की संवेदनशीलता, समझ और भावनात्मक बुद्धिमत्ता समाज को संतुलन और दिशा देती है।राहुल गांधी ने कहा कि उनके परिवार की मुखिया उनकी दादी थीं और परिवार में महिलाओं की संख्या हमेशा पुरुषों से अधिक रही है। उनके अनुसार महिलाएं जल्दबाजी से दूर रहकर दूरगामी सोच के साथ काम करती हैं और प्रत्यक्ष के बजाय अप्रत्यक्ष शक्ति का प्रभावी उपयोग करती हैं। उन्होंने महिला दिवस पर सभी महिलाओं को शुभकामनाएं भी दीं।कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक्स पर बी.आर. आंबेडकर का लैंगिक समानता पर एक कथन साझा किया, ‘आप दुख सहने के लिए पैदा नहीं हुई हैं। आपने उत्थान के लिए जन्म लिया है।’ खरगे ने कहा, महिलाएं केवल विकास में भागीदार नहीं हैं। वे इसकी प्रेरक शक्ति हैं। अपनी बुद्धिमत्ता, करुणा और दृढ़ संकल्प के माध्यम से महिलाएं समुदायों को सशक्त बनाती हैं और मजबूत राष्ट्रों का निर्माण करती हैं।कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर हम विश्वभर की महिलाओं के साहस, नेतृत्व और अनगिनत योगदानों का सम्मान करते हैं। सच्ची प्रगति तब आएगी जब समानता एक आकांक्षा नहीं, बल्कि प्रत्येक महिला के लिए एक जीती-जागती वास्तविकता होगी।कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने एक्स पर कहा, ‘इस महिला दिवस पर, हर महिला अपनी ताकत, अपने अधिकारों और भविष्य को आकार देने की अपनी क्षमता को पहचाने। आप मायने रखती हैं। आपकी आवाज मायने रखती है। आपके सपने मायने रखते हैं।’
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


