राहुल गांधी ने भाजपा-आरएसएस पर निशाना साधा
राहुल गांधी ने आरएसएस और भाजपा पर सत्ता के केंद्रीकरण का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र को मजबूत करने में विश्वास करती है। उन्होंने बेरोजगारी को लेकर एलडीएफ सरकार पर निशाना साधा और कहा कि केरलवासी रोजगार की तलाश में विदेश जा रहे हैं।

कोच्चि, एजेंसी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को आरएसएस और भाजपा पर सत्ता के केंद्रीकरण की कोशिश करने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर अधिकारों को सशक्त करने में विश्वास रखती है। वह नवनिर्वाचित कांग्रेस स्थानीय निकाय प्रतिनिधियों की महापंचायत को संबोधित कर रहे थे। केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस ने 73वें और 74वें संविधान संशोधनों के माध्यम से त्रि-स्तरीय पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत किया था। इसके उलट मौजूदा सरकार महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) पर हमला कर रही है, क्योंकि यह योजना स्थानीय स्वशासन संस्थाओं के जरिये लागू होती है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का मूल सिद्धांत यह है कि वोट नागरिकों की आवाज होते हैं और इस आवाज की हर हाल में रक्षा की जानी चाहिए। उन्होंने स्थानीय निकाय चुनावों में कांग्रेस और यूडीएफ के प्रदर्शन की प्रशंसा की और कहा कि असली चुनौती सरकार बनने के बाद जनता की समस्याओं, खासकर बेरोजगारी का समाधान करना होगी। बेरोजगारी को लेकर एलडीएफ पर हमला राहुल गांधी ने कहा कि बेरोजगारी के कारण बड़ी संख्या में केरलवासी रोजगार की तलाश में विदेश जाने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को इतना सक्षम बनाना होगा कि जो काम वे बाहर करते हैं, वही काम अपने राज्य में भी कर सकें। इसी संदर्भ में उन्होंने केरल की सत्तारूढ़ एलडीएफ सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में बेरोजगारी एक गंभीर समस्या है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




