पंजाब : शिवसेना नेता की हत्या मामले में मुठभेड़ के बाद तीन गिरफ्तार
पंजाब पुलिस ने मोगा जिले में शिवसेना नेता मंगत राय की हत्या के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के बाद ये गिरफ्तारियां हुईं। मंगत राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसमें 12...

चंडीगढ़, एजेंसी। पंजाब पुलिस ने मोगा जिले में शिवसेना नेता की हत्या के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि मुठभेड़ के बाद तीनों को पकड़ लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई गुरुवार देर रात हुई घटना के बाद की गई, जिसमें शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) के जिला अध्यक्ष मंगत राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हमले में 12 वर्षीय एक लड़का भी घायल हो गया था। पुलिस के अनुसार, रात करीब 10 बजे मंगत राय घर से किराने का सामान लेने निकले थे, तभी तीन अज्ञात हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। पहली गोली राय को नहीं लगी, लेकिन वहां मौजूद 12 वर्षीय लड़का उसकी चपेट में आ गया।
इसके बाद, राय अपने दोपहिया वाहन से भागने लगे, लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा किया और दोबारा गोली चलाई। घायल अवस्था में राय को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस का मानना है कि हत्या का कारण व्यक्तिगत रंजिश हो सकता है, हालांकि राय के परिवार ने किसी से दुश्मनी होने से इनकार किया है। फिलहाल, पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।