पंजाब: जालंधर में आप नेता की गोली मारकर हत्या
पंजाब में आम आदमी पार्टी के नेता लक्की ओबेरॉय की जालंधर में गुरुद्वारे के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर घटना के बाद फरार हो गए। विपक्षी दलों ने राज्य सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर हमला किया है, और इसे पंजाब में बढ़ती अराजकता का संकेत बताया है।

- विपक्ष ने पंजाब में कानून व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार को घेरा चंडीगढ़, एजेंसी। पंजाब के जालंधर में एक गुरुद्वारे के बाहर शुक्रवार को दिनदहाड़े आम आदमी पार्टी (आप) नेता लक्की ओबेरॉय की गोली मारकर हत्या कर दी। उनको अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन बचाया नहीं जा सका। दोपहिया वाहन से पहुंचे हमलावर घटना स्थल के बाद फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि 38 वर्षीय सतविंदरपाल सिंह उर्फ लक्की ओबेरॉय अपने वाहन से गुरुद्वारा पहुंचे थे। वह गुरुद्वारे में मत्था टेकने के बाद अपनी गाड़ी से निकल रहे थे, तभी एक अज्ञात हमलावर ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी।
उनको करीब आठ से 10 गोलियां लगी हैं, जिसमें एक गोली उनके सीने से पार होते हुए निकल गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हमलावर रेकी कर वहां पहुंचे थे। जालंधर के सहायक पुलिस आयुक्त परमिंदर सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है। हमलावरों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और पुलिस की कई दबिश दे रही है। घटना के बाद एक बार फिर पंजाब की कानून व्यवस्था सवालों के घेरे में है। लक्की ओबेरॉय आप के एक वार्ड प्रभारी थे और पिछले साल उन्होंने नगर निगम का चुनाव लड़ा था। वह अपनी पत्नी और दो बेटियों व एक बेटे के साथ रहते थे। - कानून व्यवस्था पर गरमाई सियासत विपक्षी दलों ने कानून व्यवस्था को लेकर भगवंत मान सरकार को निशाने पर लिया है। नेपा प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने एक्स पोस्ट में कहा कि घटना ने राज्य की ध्वस्त कानून व्यवस्था की पोल खोल दी है। जब सत्तारूढ़ पार्टी के नेता भी सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिकों का क्या होगा। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने एक्स पोस्ट में आरोप लगाया कि आप सरकार में आज पंजाब खून से लथपथ है। राज्य में केवल जनवरी 2026 में लगभग 25 हत्याएं हुईं। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने भी मान सरकार पर हमला बोला और आरोप लगाया कि यह केवल एक हत्या नहीं है, बल्कि संकेत है कि पंजाब किस तरह से अराजकता की तरफ बढ़ रहा है। कांग्रेस नेता अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने आप आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब को जंगलराज की तरफ धकेल दिया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


